आफाक शेख हत्याकांड का मुख्य सूत्रधार हादसे के बाद धरा गया

दुपहिया वाहन टकराया था रोड डिवायडर से, निजी अस्पताल में है भर्ती

* अस्पताल में पुलिस का कडा बंदोबस्त, नाबालिग आरोपी को रिमांड होम भेजने की तैयारी
* 15 जुलाई को नाबालिग आरोपी की आयु 18 वर्ष पूर्ण होने में केवल दो दिन का समय बचा था शेष
अमरावती/दि.21- स्थानीय फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत रूक्मिणी नगर परिसर में विगत 15 जुलाई को आफाक शेख पर तेज धारदार हथियारों से हमला करते हुए उसके बायें हाथ का पंजा काटने के साथ ही उसे मौत के घाट उतार देने की घटना घटित हुई थी. इस हत्याकांड में मुख्य सूत्रधार रहनेवाला तथा परिसर में हथियार के दम पर दहशत निर्माण करने का प्रयास करनेवाला आरोपी युवक एक सडक हादसे के बाद पुलिस की गिरफ्त में आया है. पता चला है कि 16 जुलाई की रात उक्त आरोपी युवक का दुपहिया वाहन रोड डिवायडर से जाकर टकरा गया था और इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुआ था. जिसे इलाज हेतु शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां पर पुलिस का कडा बंदोबस्त तैनात किया गया है, ताकि आरोपी युवक वहां से फरार न हो सके. साथ ही आरोपी के साथ कोई अनुचित घटना भी घटित न हो.
विशेष उल्लेखनीय है कि 15 जुलाई को जब आफाक हत्याकांड घटित हुआ तब आरोपी इस हत्याकांड के मुख्य सूत्रधार रहनेवाला युवक नाबालिग यानी अल्पवयीन था और वारदात के दो ही दिन बाद 17 जुलाई की रात उसने अपनी आयु के 18 वर्ष पूर्ण किए. इसके चलते कानूनी प्रक्रिया अनुसार उसे नाबालिग मानते हुए बाल सुधारगृह में भेजने संबंधी निवेदन पुलिस द्बारा अदालत से किया जाए, ऐसी जानकारी हैं.
ज्ञात रहे कि आफाक शेख की हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गये थे. पश्चात सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो नाबालिगों सहित तीन लोगों को अपनी हिरासत में लिया था. जिसमें से मयूर कुराडे नामक आरोपी को अदालत ने 20 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में रखने का आदेश जारी किया है. वहीं इस मामले में मुख्य सूत्रधार रहनेवाले युवक की तलाश जारी थी. जो 16 जुलाई की रात सडक हादसे में घायल होने के बाद पुलिस के हाथ लगा. इसके बाद 17 जुलाई को पुलिस ने अपनी कस्टडी में रहनेवाले मयूर कुराडे को मुख्य सूत्रधार के घर ले जाकर भी निशानदेही करवाई. मामले में अब भी सघन जांच जारी है तथा हत्या की निश्चित वजह क्या थी, इसकी पडताल की जा रही है.

* आर. के., वारदात व पीसी कंपनी के इंस्टाग्राम अकाउंट बंद
– आफाक हत्या मामले में सायबर कार्रवाई
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि राजेन्द्र कॉलनी परिसर में घटित बहुचर्चित आफाक शेख हत्याकांड में सायबर पुलिस ने सोशल मीडिया पर रहनेवाले आरोपियों के नेटवर्क के खिलाफ कडी कार्रवाई की है. जांच के दौरान आरोपियों से संबंधित तीन इंस्टाग्राम अकाउंट पाए गये. जिन्हें पूरी तरह से निष्क्रिय कर दिया गया. इन अकाउंट के जरिए भाईगिरी की प्रदर्शन करते हुए अपराधों को महिमामंडन करनेवाली सामग्री प्रसारित की जा रही थी. जिसके चलते सायबर पुलिस ने आर.के. कंपनी अमरावती वारदात कंपनी अमरावती व पीसी कंपनी अमरावती नामक तीन इंस्टाग्राम अकाउंट को निष्क्रिय करते हुए बंद करवा दिया.
मामले में धरे गये आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट को डीएक्टीवेट करने के साथ ही अब सायबर पुलिस की नजर सोशल मीडिया पर अपराधों का उदासीकरण करनेवाले अन्य अकाउंट पर भी है. इस कार्रवाई के चलते शहर में अपराधिक टोलियों के ऑनलाइन प्रचार पर लगाम लगेगी. साथ ही युवाओं को भडकानेवाली सामग्री पर अंकुश लगाया जा सकेगा, ऐसा विश्वास पुलिस विभाग सहित शहर के आम नागरिकों द्बारा व्यक्त किया जा रहा है.

* अन्यों के सहभाग को भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आफाक शेख हत्याकांड से संबंधित कई सबूत इकट्ठा किए है तथा पकडे गये आरोपियों के अलावा इस हत्याकांड में अन्य व्यक्तियों की भूमिका को भी तलाशा जा रहा है. यदि इस मामले में पकडे गये आरोपियों केे अलावा किसी अन्य की भूमिका व सहभाग पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी कडी कार्रवाई की जायेगी, ऐसा फ्रेजरपुरा पुलिस सहित शहर पुलिस द्बारा स्पष्ट किया गया है.

Back to top button