अंबापेठ के त्रिकोणी भूखंड पर होगा सौंदर्यीकरण

गार्डन और वरिष्ठ नागरिक पार्क की योजना

* मनपा आयुक्त और महापौर ने किया संयुक्त निरीक्षण, सफाई और वृक्षारोपण के दिए निर्देश
अमरावती/दि.21- प्रभाग क्रमांक 13 स्थित अंबापेठ गोरक्षण परिसर में हिंदू श्मशान भूमि की दीवार से सटे तथा भेरडे लेआउट और देसाई लेआउट को जोड़ने वाले दोहरे मार्ग के बीच स्थित त्रिकोणी (समोसा आकार) खुले भूखंड को लेकर स्थानीय नागरिकों की मांग को बल मिला है. इस स्थान का महानगरपालिका आयुक्त मंगेश गोंडावले तथा महापौर श्रीचंद तेजवानी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया.
स्थानीय नागरिकों ने निरीक्षण के दौरान बताया कि उक्त खुली जगह पर लंबे समय से कचरा, झाड़-झंखाड़ और कांटेदार झाड़ियां फैली हुई हैं. इसके अलावा एक आश्रम द्वारा इस भूमि पर अपना दावा करते हुए अतिक्रमण करने का प्रयास किए जाने की भी शिकायत की गई.
निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने दोनों सड़कों के मध्य स्थित इस महत्वपूर्ण भूखंड का सौंदर्यीकरण कर इसे सार्वजनिक उपयोग के लिए विकसित करने की मांग रखी. इस पर मनपा अधिकारियों ने बताया कि उपलब्ध नक्शों का परीक्षण करने के बाद यहां उद्यान (गार्डन) विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है. इस अवसर पर संबंधित क्षेत्र की जनप्रतिनिधि ने भी जानकारी दी कि इस स्थान पर ‘आजी-आजोबा पार्क’ (वरिष्ठ नागरिक उद्यान) विकसित करने के लिए महानगरपालिका को प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है, ताकि क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय परिवारों को एक स्वच्छ एवं मनोरंजनयुक्त सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सके.
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि उक्त भूखंड की तत्काल सफाई कराई जाए और वहां वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए. उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कर इसे नागरिकों के लिए उपयोगी बनाया जाना चाहिए.
उल्लेखनीय है कि गणेश कॉलोनी क्षेत्र के भेरडे लेआउट, करवा लेआउट और देसाई लेआउट के रहवासी लंबे समय से इस भूखंड के विकास की मांग कर रहे हैं. अब मनपा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद नागरिकों की नजर आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यहां उद्यान या वरिष्ठ नागरिक पार्क विकसित किया जाता है तो न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी एक बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होगा. फिलहाल क्षेत्रवासी मनपा प्रशासन द्वारा घोषित सफाई, वृक्षारोपण और विकास कार्यों के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं.

 

Back to top button