मनपा में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र मामले की समीक्षा

राज्य संचालक के दौरे से बढ़ी हलचल

अमरावती /दि.22- मनपा में जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों में कथित अनियमितताओं के मामले के बीच राज्य जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण संचालक डॉ. बबीता कमलापुरकर के दो दिवसीय अमरावती दौरे से प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. इस दौरान उन्होंने नगर निगम और जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्यों की समीक्षा की.
जानकारी के अनुसार, डॉ. कमलापुरकर जिले में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था की जमीनी स्तर पर जांच कर रही हैं. दौरे के दौरान संबंधित विभागों से आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है. मनपा में चल रही जांच के बीच हुई बैठकों को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं. मनपा में बड़ी संख्या में जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों में कथित अनियमितताओं की जांच पहले से जारी है. इस मामले को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली और जांच की दिशा पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. वहीं, कुछ हलकों में मामले को दबाने की आशंकाएं भी व्यक्त की जा रही हैं, हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इस बीच, राज्य जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण संचालक डॉ. बबीता कमलापुरकर ने स्पष्ट किया कि उनका दौरा नियमित समीक्षा के उद्देश्य से है. उन्होंने कहा, मैं जन्म और मृत्यु पंजीकरण कार्यों की समीक्षा के लिए दो दिवसीय दौरे पर हूं. जिला समन्वय अधिकारी के रूप में मनपा और जिला स्वास्थ्य विभाग से जानकारी ली जा रही है. मनपा में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से जुड़े मामले की जांच जारी है और अभी उसकी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है. रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस विषय पर कुछ कहा जा सकेगा. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित अनियमितताओं के लिए कौन जिम्मेदार है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button