जिला योजना समिति की बैठक में सांसद अमर काले का सरकार पर हमला

किसानों के मुआवजे सहित कई मुद्दे उठाए

* संतरा बागानों के नुकसान, अपराध, आवास, ट्रॉमा सेंटर और सड़कों की बदहाली पर प्रशासन से मांगा जवाब
अमरावती/दि.22- जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की अध्यक्षता में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में सांसद अमर काले ने जिले के कई लंबित और गंभीर मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने किसानों के नुकसान, कानून-व्यवस्था, आवास योजना, स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क निर्माण में लापरवाही पर प्रशासन को घेरा तथा तत्काल कार्रवाई की मांग की.
* संतरा बागानों के नुकसान पर मुआवजे की मांग
सांसद अमर काले ने कहा कि वरुड-मोर्शी क्षेत्र में अल नीनो के कारण बढ़े तापमान से बड़ी संख्या में संतरे के बागान प्रभावित हुए हैं. बावजूद इसके कृषि विभाग ने अब तक नुकसान का सर्वे नहीं किया और न ही शासन को मुआवजे का प्रस्ताव भेजा. उन्होंने तुरंत पंचनामा कर किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग की.
* बारिश से कटाव वाली जमीन का सर्वे कराने की मांग
उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण कई किसानों की कृषि भूमि बह गई है, लेकिन अब तक उसका सर्वे नहीं हुआ है. सांसद ने कृषि विभाग को तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे का प्रस्ताव भेजने की मांग की.
* बढ़ते अपराधों पर जताई चिंता
बैठक में जिले में मेफेड्रोन ड्रग के बढ़ते प्रचलन पर भी चिंता व्यक्त की गई. सांसद ने कहा कि नशे की लत के कारण युवाओं में अपराध बढ़ रहे हैं और हत्या, मारपीट तथा दुष्कर्म जैसी घटनाओं में वृद्धि हो रही है. उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की.
* आवास योजना के लाभार्थियों को जल्द मिले अनुदान
सांसद ने बताया कि घरकुल योजना के तहत 3,337 लाभार्थियों के आवास निर्माण कार्य अनुदान के अभाव में अटके हुए हैं. उन्होंने प्रशासन से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कर पात्र हितग्राहियों को अनुदान उपलब्ध कराने की मांग की.
* ट्रॉमा सेंटर और पुरानी पानी की टंकी का मुद्दा
उन्होंने कहा कि राजुरा ग्रामीण अस्पताल के लिए स्वीकृत ट्रॉमा केयर सेंटर की मंजूरी रद्द कर दी गई है, जिसे फिर से बहाल किया जाना चाहिए. वहीं मोर्शी में नई पानी की टंकी शुरू होने के बावजूद पुरानी जर्जर टंकी अब भी खड़ी है, जो लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनी हुई है.
* सड़कों की बदहाली और वन्यजीवों से नुकसान
सांसद ने वरुड-मोर्शी क्षेत्र की सीमेंट सड़कों में आई बड़ी दरारों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. साथ ही जंगली सूअर और नीलगाय से फसलों को होने वाले नुकसान पर किसानों को 100 प्रतिशत मुआवजा देने की मांग की. बैठक के दौरान पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

Back to top button