जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज की यशोमती ठाकुर ने की निंदा
दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई को बताया लोकतंत्र के लिए खतरनाक

अमरावती/दि.22 ; दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और हिरासत में लिए जाने की घटना की कांग्रेस नेता एवं महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने कड़े शब्दों में निंदा की है.
यशोमती ठाकुर ने जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र में संविधान द्वारा नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का अधिकार प्राप्त है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार इन अधिकारों का दमन कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को सुनने और उनका समाधान निकालने के बजाय प्रशासन बल प्रयोग का रास्ता अपना रहा है. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. यह दमनकारी रवैया न केवल लोकतंत्र के लिए घातक है, बल्कि देश के भविष्य को भी अंधकार की ओर धकेलने वाला है. यशोमती ठाकुर ने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने और लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की अपील की. साथ ही उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की भी मांग की.





