‘हिट एंड रन’ का शिकार हुआ पार्थ कासट

जिजाउ माता चौक पर अज्ञात फोरव्हीलर ने मारी थी टक्कर

* 14 जुलाई की रात हुआ था हादसा, 20 जुलाई को इलाज के दौरान दम तोडा
अमरावती /दि.22- स्थानीय पुराना बियाणी चौक के पास डिमार्ट के पीछे स्थित दोटीवाला कोर्ट परिसर निवासी पार्थ कासट नामक 23 वर्षीय युवक ‘हिट एंड रन’ की घटना का शिकार होकर असमय ही काल-कलवित हुआ. विगत 14 जुलाई की शाम आरटीओ कार्यालय के पास जिजाउ माता चौक परिसर में पार्थ कासट और उसके दोस्त होराजी कासट के दुपहिया वाहन को एक अज्ञात चार पहिया वाहन तेज रफ्तार ढंग से जोरदार टक्कर मारी थी. इस हादसे में बुरी तरह से घायल हुए पार्थ कासट को अमरावती के निजी अस्पताल से इलाज हेतु नागपुर रेफर किया गया था. जहां पर 20 जुलाई की शाम पार्थ कासट ने इलाज के दौरान दम तोड दिया. घटना के चलते जहां एक ओर शहर के अंतर्गत रास्तों पर बेतरतीब, लापरवाह व तेज रफ्तार ढंग से वाहन चलाए जाने को लेकर चिंता जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस इस मामले की सघन जांच करते हुए पार्थ कासट की मौत के लिए जिम्मेदार रहनेवाले वाहन की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
जानकारी के मुताबिक पुणे में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा पार्थ कासट विगत 10-11 जुलाई को ही मात्र तीन दिनों के लिए अमरावती अपने घर पर आया था और उसे 14 जुलाई की रात ही पुणे वापिस जाना था. जिसकी तमाम तैयारियां भी पूरी हो गई थी. पुणे रवाना होने से पहले पार्थ कासट अपने हम उम्र रिश्तेदार होराजी कासट के साथ घूम कर आने हेतु घर से बाहर निकला था और दोनों युवक दुपहिया वाहन लेकर आरटी कार्यालय की ओर गये थे. जहां पर जिजाउ माता चौक परिसर में विपरित दिशा से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने पार्थ कासट व होराजी कासट के दुपहिया वाहन को जबर्दस्त ढंग से टक्कर मार दी. इस हादसे के बाद मौके पर रूककर दोनों युवकों की मदद करने की बजाय कार चालक अपने वाहन सहित मौके से भाग निकला. पश्चात घटनास्थल से आसपास मौजूद लोगों ने दौडभाग करते हुए पार्थ कासट व होराजी कासट को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही गाडगेनगर पुलिस को सूचित किया. पश्चात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की.
उधर दूसरी ओर इस हादसे में गंभीर रूप से घायल पार्थ कासट को पहले अमरावती के कई निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया. लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं हुआ. क्योंकि नागपुर में इलाज के दौरान पार्थ कासट ने 20 जुलाई की शाम दम तोड दिया. यह खबर मिलते ही अमरावती निवासी कासट परिवार और उनके रिश्तेदारों में जबर्दस्त शोक की लहर व्याप्त हो गई. पश्चात 20 जुलाई की देर रात पार्थ कासट का पार्थिव शरीर नागपुर से अमरावती लाया गया और कल 21 जुलाई को दोटीवाला कोर्ट परिसर स्थित कासट परिवार के निवासस्थान से पार्थ कासट की अंतिम यात्रा निकालते हुए उसके पार्थिव पर हिन्दू मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किए गये.
गाडगेनगर पुलिस द्बारा अब भी ‘हिट एंड रन’ की घटना को अंजाम देनेवाले अज्ञात कार चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. जिसकी लापरवाह ड्राइविंग की वजह से एक परिवार की उम्मीदों का चिराग बेवजह ही बुझ गया. पार्थ कासट अपने पश्चात रामकिसन, डॉ. सत्यनारायण, श्रीनिवास, ओमप्रकाश, कमलकिशोर व विपिन कासट (पोहीवाले) सहित भरापूरा परिवार शोकाकुल छोड गया है.

Back to top button