परतवाड़ा के पोदार प्रेप में मड डे का जश्न
बच्चों ने जमकर लिया मिट्टी से खेलने का आनंद

* अभिभावक भी शामिल हुए प्रकृति से जोडनेवाले उपक्रम में
परतवाडा/दि.22- परतवाड़ा के पोदार प्रेप में 21 जुलाई को मड डे बड़े उत्साह और खुशनुमा माहौल में मनाया गया. इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर कीचड़ में खेलते हुए प्रकृति की गोद में एक अनोखा सीखने का अनुभव किया.
मड डे में कौन-कौन सी गतिविधियां हुईं इसकी जानकारी देते हुए स्कूल प्रबंधन ने बताया कि, कार्यक्रम के तहत कई अनुभव-आधारित गतिविधियां कराई गई. जिसमें कीचड़ में योग, मिट्टी से कला, विभिन्न कीचड़ के खेल, फूट प्रिंट बनाना, प्राकृतिक सामग्री से कलात्मक सजावट सिखाई गई.
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि, मड डे आयोजन का स्कूल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रकृति से जोड़ना, अनुभव आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना, शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास को मजबूत करना रहा. इन गतिविधियों से बच्चों की कल्पना शक्ति, रचनात्मकता, संवेदनशीलता और आत्मविश्वास विकसित करने में मदद मिली. माता-पिता ने भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
कार्यक्रम में पोदार इंटरनैशनल स्कूल परतवाड़ा के प्रिंसिपल मुकुंदराव हुम्बे, पोदार प्रेप की हेडमिस्ट्रेस अक्षिता शाह और एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर राहुल गिरी उपस्थित थे. पोदार प्रेप परतवाड़ा के सभी शिक्षकों और स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान किया.