बरसात में संक्रामक बीमारियों पर रोक के लिए अमरावती मनपा का अभियान तेज
पूरे शहर में फॉगिंग, दवा छिड़काव और मच्छर नियंत्रण के निर्देश

* हर वार्ड के लिए बनेगा अलग एक्शन प्लान
अमरावती/दि.22– बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए अमरावती महानगरपालिका ने व्यापक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है. महापौर श्रीचंद तेजवानी ने शहर के सभी वार्डों में तत्काल दवा छिड़काव, फॉगिंग, मच्छर नियंत्रण, सफाई अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए हैं.
इस संबंध में मंगलवार को मनपा आयुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में महापौर श्रीचंद तेजवानी, आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, उपमहापौर सचिन भेंडे, स्थायी समिति अध्यक्ष अविनाश मार्डीकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने, जलभराव वाले क्षेत्रों की सफाई, लार्वा नाशक दवा का छिड़काव, नियमित फॉगिंग तथा सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया. प्रत्येक वार्ड के लिए अलग कार्ययोजना तैयार कर नियमित निगरानी करने का निर्णय लिया गया. मनपा की फॉगिंग मशीनों के माध्यम से पूरे शहर में नियोजित अभियान चलाया जाएगा. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति कर रविवार और अवकाश के दिनों में भी विशेष फॉगिंग एवं छिड़काव किया जाएगा.
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर कूलर, टायर, गमले, मटके और अन्य जलस्रोतों की जांच करने तथा नागरिकों को सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाने के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया गया. स्वास्थ्य निरीक्षक भी लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश और नोटिस जारी करेंगे. पशुपालकों को गोबर का समय पर निपटान करने के निर्देश दिए जाएंगे. साथ ही समाचार पत्रों, सोशल मीडिया, बैनर और पर्चों के माध्यम से संक्रामक रोगों से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा.
बैठक में सरकारी और निजी अस्पतालों में संक्रामक रोगों के मरीजों का दैनिक, मासिक और वार्षिक रिकॉर्ड तैयार कर पिछले वर्ष की तुलना में विश्लेषण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि भविष्य की रणनीति अधिक प्रभावी बनाई जा सके. बैठक के अंत में आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. वहीं महापौर श्रीचंद तेजवानी ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें तथा मच्छरों की उत्पत्ति रोकने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि अमरावती को स्वच्छ, सुरक्षित और रोगमुक्त बनाया जा सके.





