अकोला में तीन गोदाम धधके, एक जख्मी

लाखों के नुकसान का अंदेशा

* भरी बारिश में अग्नि तांडव, 30 दमकलें लगानी पडी
अकोला/दि.22- अकोला के तिलक मार्ग स्थित अलंकार मार्केट में मंगलवार को भरी दोपहर बरसात के बीच अचानक आग लग जाने से प्लास्टिक और अन्य सामग्री के तीन गोदाम धधक उठे. जिससे लाखों के नुकसान का अंदेशा व्यक्त किया गया. दुर्घटना में एक व्यक्ति के दोनों हाथ झुलस जाने की खबर है. वहीं भयंकर आग पर काबू पाने 30 से अधिक फायर टेंडर लगाने पडे. आग लगने की प्राथमिक खबर के साथ ही अंदाज जताया गया कि शार्ट सर्किट के कारण यह आगजनी हुई हो.
जानकारी के अनुसार अलंकार मार्केट परिसर की पहली गली स्थित तीन मंजिल बिल्डिंग में अमित गलानी, विशाल राजपाल और कमलेश बालचंदानी की दुकानों के उपर बने गोदामों में काफी सामान रखा था. जिसमें प्लास्टिक उत्पाद और सजावट सामग्री शामिल थी.
दोपहर कुछ देर के लिए बत्ती गुल हो गई. बिजली आपूर्ति बहाल होते ही लोगों ने उक्त बिल्डिंग के उपरी माले से घना काला धुआं निकलता देखा. तुरंत दमकल विभाग और रामदास पेठ पुलिस को सूचित किया गया. बताया जाता है कि दमकल के पहुंचने तक गोदामों में भीतर लगी आग ने बडा रूप ले लिया था. लोहे के शटर और दीवारे तपकर लाल भडक हो गई थी. लगातार पानी डालने पर भी तापमान कम नहीं हो रहा था. गोदाम बंद होने और भीतर प्लास्टिक की सामग्री होने से आग पर काबू पाना दुष्कर रहा. बाहर बरसात के कारण भी राहत व बचाव कार्य में बाधा आयी. बारिश रूकने के बाद देर शाम 8 बजे तक आग पर नियंत्रण पाया जा सका.
संपूर्ण एरिया में काला धुआं छा गया था. स्थानीय व्यापारियों, ट्रांसपोर्ट के कर्मचारियों, हमालों ने भी आग बुझाने में दमकल कर्मियों की सहायता की. राहत कार्य दौरान एक गोदाम का शटर तोडने के लिए सामने की इमारत से रस्सी बांधकर उसे खींचने की कोशिश की गई. इसी दौरान शटर का हिस्सा टूटकर सामने की दुकान में गिरा. जिससे वहां मौजूद प्रकाश सैनानी के दोनों हाथ गंभीर रूप से चोटिल हो गये. दमकल विभाग ने आशंका जताई कि लाखों का नुकसान हुआ है.

Back to top button