अकोला में दिनदहाड़े 54 लाख की सनसनीखेज डकैती

विजय मोहता के नया जीन परिसर स्थित आवास पर पड़ा डाका

* तीन आरोपियों ने वारदात को दिया अंजाम, आरोपियों में एक पूर्व हमाल भी शामिल
* व्यापारी को बंधक बनाकर लूटे सोने के आभूषण और नकदी
* पूरे शहर मे़ं मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच
अकोला /दि.31- शहर के रामदास पेठ थाना क्षेत्र स्थित नया जीन परिसर में सोमवार सुबह हुई 54 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती से पूरे शहर में हड़कंप मच गया. तीन अज्ञात बदमाशों ने एक व्यापारी के घर में घुसकर पहले उनके साथ मारपीट की, फिर हाथ-पैर बांधकर उन्हें बंधक बना लिया और तिजोरी तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के सोने के आभूषण तथा 4 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहता मिल रोड स्थित नया जीन परिसर निवासी विजय गुप्ता अपने मकान के निचले हिस्से में ‘गुप्ता फ्लॉवर ऑयल इंडस्ट्रीज’ का संचालन करते हैं. सोमवार सुबह लगभग 7.15 बजे वे कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देने के लिए नीचे आए थे. इसी दौरान तीन बदमाश अचानक घर में घुस आए और उन पर हमला कर दिया. आरोपियों ने विजय गुप्ता के साथ मारपीट कर उन्हें काबू में लिया तथा हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद बदमाश सीधे तिजोरी तक पहुंचे और उसे तोड़कर उसमें रखी नकदी और आभूषण लेकर फरार हो गए.
पीड़ित व्यापारी विजय मोहता ने पुलिस को बताया कि वारदात में शामिल एक आरोपी पिछले चार-पांच वर्षों से उनके यहां हमाली का काम करता था. उसे घर की संरचना, तिजोरी की स्थिति और कारोबारी गतिविधियों की पूरी जानकारी थी. हाल के दिनों में वह एक नए व्यक्ति को भी अपने साथ लाने लगा था. आशंका जताई जा रही है कि इसी जानकारी का फायदा उठाकर पूरी वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया.
मोहता के अनुसार तिजोरी में उनके ढाई लाख रुपये तथा उनकी पत्नी के डेढ़ लाख रुपये, कुल चार लाख रुपये नकद रखे हुए थे. इसके अलावा लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण भी तिजोरी में थे. बदमाश सभी कीमती सामान लेकर फरार हो गए. कुल लूट की राशि करीब 54 लाख रुपये बताई जा रही है.
घटना की जानकारी मिलते ही रामदास पेठ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया है. आसपास के क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का मानना है कि वारदात पूरी तरह से पूर्व नियोजित थी और इसमें अंदरूनी जानकारी रखने वाले व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है.
पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.

Back to top button