अकोला-दर्यापुर मार्ग पर अवैध इथेनॉल का बड़ा भंडाफोड़

शेड में छिपाकर रखे 20 भरे और 41 खाली बैरल जब्त

* 2,945 लीटर अवैध पेट्रोल भी बरामद
अकोला/दि.2- अकोला-दर्यापुर मार्ग पर आपातापा गांव की सीमा में एक शेड में अवैध रूप से छिपाकर रखा गया बड़ी मात्रा में इथेनॉल का भंडार राज्य आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी कर जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान इथेनॉल से भरे 200 लीटर क्षमता वाले 20 प्लास्टिक बैरल तथा इथेनॉल की गंध वाले 41 खाली बैरल बरामद किए गए. जब्त इथेनॉल और बैरल समेत कुल मुद्देमाल की कीमत करीब 2 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है. इसी कार्रवाई में मिले 2,945 लीटर अवैध पेट्रोल का भंडार भी आगे की कार्रवाई के लिए आपूर्ति विभाग के हवाले किया गया है. यह कार्रवाई राज्य आबकारी आयुक्त डॉ. श्री राजेश देशमुख के आदेश पर, सहआयुक्त (प्रवर्तन एवं सतर्कता) प्रसाद सुर्वे तथा अमरावती विभाग के विभागीय उपआयुक्त डॉ. पराग नवलकर के निर्देश और अकोला अधीक्षक सीमा झावरे के मार्गदर्शन में की गई.
विभागीय टीम को 1 सितंबर को आपातापा गांव की सीमा में अकोला-दर्यापुर रोड के किनारे स्थित एक शेड में अवैध रूप से पेट्रोल और इथेनॉल का भंडारण किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम ने दो पंचों की मौजूदगी में शेड पर छापा मारा. तलाशी के दौरान अवैध बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में पेट्रोल और इथेनॉल जमा करके रखे जाने का मामला सामने आया. टीम ने मौके से इथेनॉल से भरे 20 बैरल और इथेनॉल की गंध वाले 41 खाली बैरल जब्त किए. बरामद सामग्री की कीमत करीब 2.42 लाख रुपये आंकी गई है. छापेमारी के दौरान 2,945 लीटर अवैध पेट्रोल भी बरामद हुआ. इसे आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए निरीक्षक विश्वजित लिंगायत और आपूर्ति निरीक्षक तुषार चिंचोले के हवाले किया गया.
इस मामले में सैयद अजहर सैयद ताहिर (28), निवासी वीर लहुजी नगर, इंदिरा गांधी प्रतिमा परिसर, अकोट फैल, अकोला के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम 1949 की धारा 65(8), 81, 83 और 90 के तहत मामला दर्ज किया गया है. जवान अमर गोवर्धन इंगले की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है. मामले की आगे की जांच दुय्यम निरीक्षक देवेश कोटे कर रहे हैं. छापेमारी अभियान में निरीक्षक प्रमोद कांबले, निरीक्षक गणेश जाधव, दुय्यम निरीक्षक महेंद्र सोनार, भरतकुमार धुरट, अनिस शेख समेत जवान संतोष देव्हडे, विशाल बांबलकर, संतोष पटोकर, राजकुमार सोलंके, योगेश सरप, आकाश बरडे और सचिन गवई ने सहभाग लिया. वाहनचालक नरेश कास्देकर, अमर इंगले, राजेश खिराले और प्रविण गजभार तथा महिला जवान कोमल शिंदे, वैष्णवी बोडखे और गीता भास्कर भी कार्रवाई में शामिल थीं. अचलपुर के निरीक्षक आनंद काले तथा विभागीय भरारी दल के दुय्यम निरीक्षक सागर वानखड़े और शिरीष देशमुख भी अपने दल के साथ मौके पर उपस्थित रहे.
* अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
राज्य आबकारी विभाग ने नागरिकों से अवैध शराब निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन की जानकारी विभाग को देने की अपील की है. इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800 233 9999, व्हॉट्सऐप नंबर 8422001133 तथा दूरभाष क्रमांक 022-2263881 पर सूचना दी जा सकती है. विभाग ने नागरिकों से ऐसी गतिविधियों के संबंध में तत्काल जानकारी देने का आह्वान किया है.

Back to top button