जब भरी दोपहर बजा स्टेट बैंक का फायर अलार्म
आनन-फानन में पहुंची दमकलें

* तकनीकी फॉल्ट की जांच प्रारंभ
अमरावती/दि.2 – कैम्प स्थित बियाणी चौक के पास भारतीय स्टेट बैंक कार्यालय में आज दोपहर 1 बजे अचानक आग का अलर्ट देनेवाला फायर अलार्म बजने से कुछ देर के वास्ते अफरा-तफरी मची. आनन-फानन में महापालिका की दमकलें भी वहां पहुंची. किंतु बताया गया कि, तकनीकी खराबी की वजह से अलार्म बज गया था. सबकुछ सुरक्षित होने का दावा बैंक अधिकारियों ने किया. तात्कालिक जानकारी में बताया गया कि, इस तकनीकी खामी की भी जांच शुरु कर दी गई है.
बता दें कि, फायर अलार्म समय पर न एक्टीव होने के कारण शहर के जिला स्त्री अस्पताल डफरीन में 10 रोज पहले ही भयंकर अग्निकांड हुआ और तीन शिशु कालकलवित हो गए. ऐसे में फायर अलार्म के एक्टीव होने पर हर किसी के हरकत में आना स्वाभाविक है. आज भरी दोपहर अचानक स्टेट बैंक का फायर अलार्म बज गया. उस समय दोपहर के पौन-एक बजे होंगे. सिस्टम ऐसा होता है कि, फायर अलार्म सीधे दमकल विभाग से जुडे होते हैं. जिसके कारण वॉलकट कम्पाउंड से दमकल गाडियां दनदनाते और सायरन बजाते कैम्पे के आगे बियाणी चौक पहुंची.
स्टेट बैंक कार्यालय में जाते ही देखा गया कि, अलार्म गलती से बजा है. बैंक में आग की कोई घटना नहीं हुई है. ऐसे में सभी ने राहत की सांस जरुर ली. किंतु बैंकिंग व्यवहार का यह पीक अवर होने से कस्टमर्स और अधिकारी और कर्मियों सभी में भागमभाग मची थी. कुछ अफसरान ने अवश्य खडे रहकर अलार्म अचानक कैसे एक्टीव हो गया, इसका पता लगाना प्रारंभ कर दिया था. भरी दोपहर वॉलकट कम्पाउंड से लेकर बियाणी चौक तक भागमभाग देखी गई. दमकल कर्मियों ने अलार्म सिस्टम चेक किया. आग की कोई घटना नहीं होने से दमकलें उलटे पांव लौट गई.





