ब्लिंकिट और स्विगी इंस्टामार्ट पर कालबाह्य खाद्य सामग्री की आपूर्ति
पार्षद पद्मजा कौंडण्य ने उजागर किया मामला, जांच व कार्रवाई की मांग

अमरावती/दि. 24- अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक 18 में ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों को एक्सपायरी हो चुकी तथा निम्न गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री की आपूर्ति किए जाने की शिकायत सामने आने से हड़कंप मच गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगरसेविका पद्मजा विजय कोंडण्य ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
नगरसेविका कोंडण्य द्वारा खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सौंपे गए लिखित शिकायत पत्र में कहा गया है कि प्रभाग 18 के कई नागरिकों ने ब्लिंकिट और स्विगी इंस्टामार्ट जैसी ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं के माध्यम से एक्सपायरी खाद्य पदार्थ, सड़े हुए फल एवं सब्जियां, खराब दुग्ध उत्पाद तथा निम्न गुणवत्ता के मांस और अंडों की आपूर्ति किए जाने की शिकायत की है. शिकायत में कहा गया है कि इस प्रकार की लापरवाही नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है. विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका है. इसलिए मामले की गहन जांच कर संबंधित गोदामों, स्टोरेज केंद्रों और सप्लाई चेन की पड़ताल की जानी चाहिए. नगरसेविका पद्मजा कौंडण्य ने मांग की है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित कंपनियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान भी चलाया जाए.
इस बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंडे द्वारा राज्यभर में खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे सख्त अभियान के कारण इस शिकायत पर भी गंभीर कार्रवाई होने की संभावना व्यक्त की जा रही है. प्रभाग 18 में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संभावित जांच और कार्रवाई को लेकर संबंधित व्यावसायिकों में भी हलचल देखी जा रही है. नगरसेविका पद्मजा कोंडण्य ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन मंगाए गए खाद्य उत्पादों की एक्सपायरी तिथि, पैकेजिंग और गुणवत्ता की जांच करने के बाद ही उनका उपयोग करें. यदि कोई कालबाह्य अथवा निम्न गुणवत्ता का उत्पाद प्राप्त होता है तो उसकी शिकायत संबंधित कंपनी के साथ-साथ खाद्य एवं औषधि प्रशासन को भी तत्काल दें.





