श्री शिवाजी विद्यालय में सड़क सुरक्षा एवं जीवन सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम

आरटीओ एवं शहर यातायात शाखा का आयोजन

अमरावती/दि.24- क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) अमरावती एवं शहर यातायात शाखा, गाडगे नगर पुलिस स्टेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्री शिवाजी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में सड़क सुरक्षा – जीवन सुरक्षा विषय पर विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षित यात्रा के महत्व को समझाना तथा उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रसाद देशमुख ने की. उन्होंने कहा कि विद्यालय शहर के व्यस्त चौराहे पर स्थित होने के कारण विद्यार्थियों को प्रतिदिन भारी यातायात का सामना करना पड़ता है. ऐसे में सड़क पर चलते समय, साइकिल चलाते समय तथा अन्य वाहनों का उपयोग करते समय यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करेंगे. इसके बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की प्रतिनिधि ऐश्वर्या बलखंडे ने विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित चलने के नियम, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का सही उपयोग, ट्रैफिक सिग्नल का महत्व, सड़क पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियां, साइकिल चालकों के नियम तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से बचने के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
शहर यातायात शाखा के पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआई) विनोदराव धोटे एवं अनंतराव लोखंडे ने यातायात नियमों के उल्लंघन के दुष्परिणाम, हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता, ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों का महत्व, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खतरे तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में नागरिकों की जिम्मेदारियों पर सरल भाषा में जानकारी दी. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया. समापन अवसर पर प्रधानाचार्य प्रसाद देशमुख ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों को भी सड़क सुरक्षा का संदेश देने की शपथ दिलाई.
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किशोर सोनकुसरे एवं वरिष्ठ शिक्षिका चौखंडे मैडम ने किया, जबकि संचालन शारीरिक शिक्षक विस्मय ठाकरे ने किया. इस अवसर पर विद्यालय के वाहन चालक संघ के रंगारी, कय्युम खान, नंदू खताले, धनंजय ढोके, बागल, गौरव लिंघोट, मयूर काले, चौरसिया, हिवराले, स्वप्नील धर्माले, अतुल वाकोडे, कालबांडे एवं दाभाडे सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में यातायात अनुशासन, सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ी. उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया.

Back to top button