26 को मेधावी छात्र गौरव समारोह

श्री सरयूपारीण ब्राह्मण सभा का प्रेरक आयोजन

* प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं वरिष्ठजनों का होगा सम्मान
अमरावती/दि.24– सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में पिछले दो दशकों से सक्रिय श्री सरयूपारीण ब्राह्मण सभा, अमरावती द्वारा श्री सरयूपारीण ब्राह्मण महिला मंडल एवं श्री सरयूपारीण ब्राह्मण युवा परिषद के संयुक्त सहयोग से आयोजित होने वाला पारंपरिक मेधावी छात्र गौरव समारोह-2026 आगामी रविवार, 26 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम दोपहर 4 बजे होटल रामगिरी इंटरनेशनल, रेलवे स्टेशन, अमरावती में संपन्न होगा.
आयोजन के संदर्भ में जानकारी देते हुए श्री सरयूपारीण ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष डॉ. सतीश तिवारी व सचिव डॉ. मनीष दुबे द्वारा बताया गया कि, समारोह का उद्देश्य समाज के उन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों से समाज का नाम रोशन किया है. कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 12वीं सहित विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा. सभा द्वारा वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का कार्य किया जा रहा है. इसी क्रम में इस वर्ष भी गरिमामय आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के साथ-साथ समाज के 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठजनों का भी अभिनंदन किया जाएगा. इसके अलावा समाज की सक्रिय एवं उत्कृष्ट इकाई के रूप में उल्लेखनीय योगदान देने वाली श्री सरयूपारीण ब्राह्मण महिला मंडल की कार्यकारिणी तथा श्री सरयूपारीण ब्राह्मण युवा परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष सत्कार भी किया जाएगा. इस समारोह का आयोजन राजेश्वरदत्त तिवारी, पं. रमण मिश्रा व संतोष मिश्रा द्वारा लिए जा रहे विशेष सहयोग के जरिए होने जा रहा है.
उपरोक्त जानकारी देते हुए आयोजकों ने समाज के सभी बंधुओं से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने और प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन में सहभागी बनने का आग्रह किया है.

Back to top button