उत्तर महाराष्ट्र में भूकंप के झटके
नासिक के सुरगाणा में 4 बार कांपी धरती

नासिक/दि.25 – उत्तर महाराष्ट्र और तटीय क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बार फिर भूकंप के हल्के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई. नासिक जिले के सुरगाणा तहसील और पालघर जिले के दहानू-तलासरी क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए. हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लगातार आ रहे झटकों से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.
* नासिक के बोरगांव में चार बार महसूस हुए झटके
नासिक जिले के सुरगाणा तहसील के बोरगांव और आसपास के इलाकों में सुबह करीब 9:55 बजे भूकंप का सिलसिला शुरू हुआ. लोगों ने लगातार चार हल्के झटके महसूस किए, जिसके बाद वे एहतियातन घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए. रिक्टर स्केल पर इन झटकों की तीव्रता 3.6 दर्ज की गई. जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है.
* पालघर में फिर कांपी धरती
उधर, पालघर जिले के दहानू तहसील के कासा और धुंदलवाड़ी क्षेत्र में सुबह करीब 10:57 बजे 3.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. विशेषज्ञों के अनुसार, पालघर जिले में वर्ष 2018 से लगातार भूकंपीय गतिविधियां जारी हैं. अब तक यहां 2,500 से अधिक छोटे-बड़े झटके दर्ज किए जा चुके हैं.
* कच्चे मकानों में दरारें, लोगों में नाराजगी
बार-बार आने वाले भूकंप के कारण ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में कच्चे मकानों को भारी नुकसान पहुंच रहा है. दहानू और तलासरी क्षेत्र के हजारों घरों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं और कई मकान जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि तीन वर्ष पहले सरकार ने भूकंपरोधी आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.





