’56 इंच की छाती कहाँ गई?’

नीट पेपर लीक मामले पर नाना पटोले का प्रधानमंत्री मोदी पर हमला

नागपुर/दि.25 – नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. अब इस मुद्दे पर विपक्षी दल भी खुलकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है, जबकि मुंबई में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) भी विरोध मार्च निकाल रही हैं. इसी बीच महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला. नाना पटोले ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने अमानवीय व्यवहार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्राओं के साथ बदसलूकी की गई और छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जबकि वे किसी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं थे, बल्कि अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे थे.
पटोले ने कहा कि सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेना चाहिए था. उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा की तैयारी में कई परिवार लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ. उन्होंने दावा किया कि इस घटना से निराश होकर कई छात्रों ने आत्महत्या तक कर ली और कुछ मामलों को दबाने की कोशिश की गई.
उन्होंने कहा कि देश का युवा ही देश का भविष्य है, लेकिन सरकार का रवैया छात्रों के प्रति संवेदनहीन रहा है. पटोले ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाल रही है और महात्मा गांधी के विचारों के अनुरूप लोकतांत्रिक तरीके से छात्रों का समर्थन कर रही है.

Back to top button