सीएम फडणवीस के जन्मदिन पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर
दुर्लभ रोगों के मरीजों को मिली नई उम्मीद

* विधायक प्रवीण पोटे की रही प्रमुख उपस्थिती
अमरावती/दि.28– महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा दशक अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘नमो देवा नि:शुल्क आरोग्य सेवा’ शिविर को नागरिकों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला. शिविर में दुर्लभ एवं गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं शल्य चिकित्सा संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया.
आयोजकों के अनुसार, इस विशेष स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है. शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर विभिन्न जटिल रोगों के उपचार संबंधी परामर्श दिया. साथ ही पात्र मरीजों को 4 लाख से 25 लाख तक की लागत वाली शस्त्रक्रियाओं के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई.
इस अवसर पर विधायक प्रवीण पोटे पाटील ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि अनेक परिवार आर्थिक अभाव के कारण गंभीर बीमारियों का उपचार नहीं करा पाते, ऐसे लोगों के लिए यह पहल संजीवनी साबित हो रही है.
कार्यक्रम में जयंत डेहनकर, शिवराय कुलकर्णी, किरण पातूरकर, चेतन पवार, प्रकाश पुंड सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे. उपस्थित मान्यवरों ने स्वास्थ्य सेवा से जुड़े इस जनकल्याणकारी उपक्रम की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया. शिविर के दौरान बड़ी संख्या में मरीजों और उनके परिजनों ने पंजीयन कर विशेषज्ञ चिकित्सकों से मार्गदर्शन प्राप्त किया. कई मरीजों ने कहा कि महंगे उपचार की चिंता के बीच यह शिविर उनके लिए नई आशा लेकर आया है.
आयोजकों ने बताया कि ‘सेवा दशक अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समाज के जरूरतमंद वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया जा सके.