नीलगायों के आतंक से किसानों की फसलें हो रही बर्बाद
युवा स्वाभिमान पार्टी ने वन विभाग से की कार्रवाई और 100 फीसद मुआवजे की मांग

अमरावती/दि.28 – अमरावती जिले में नीलगायों के बढ़ते आतंक से किसानों की फसलें बड़े पैमाने पर नष्ट हो रही हैं. इस गंभीर समस्या को लेकर युवा स्वाभिमान पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रकाश साबले के नेतृत्व में किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अमरावती वनविभाग के उपवनरक्षक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की.
ज्ञापन में बताया गया कि राहटगांव-रामगांव, सुकली वनारसी, लोणी टाकली, पुसदा, नया अकोला, आराला और बोलाला सहित कई क्षेत्रों में नीलगायों का उपद्रव लगातार बढ़ रहा है. इससे किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं. कई किसानों को इस वर्ष दोबारा बुआई करनी पड़ी है और अब नीलगायों के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है. प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की विशेष टीम भेजकर नीलगायों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए. साथ ही, जिन किसानों की फसलें नष्ट हुई हैं, उनका तत्काल पंचनामा कर 100 प्रतिशत मुआवजा दिया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी उपाय किए जाएं. ज्ञापन सौंपते समय किसान प्रतिनिधि पवन हिंगणे, सौरभ कोहले, तुषार पडोले, अनिउल्ला खान, अक्षय ढवले, सुधीर रहाटे, चेतन पाथरे और अमित कुचे उपस्थित थे. किसानों ने प्रशासन से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर राहत प्रदान करने की अपील की.





