अमरावती में किसान कर्जमाफी की पहली सूची जारी

76,976 किसान पात्र

अमरावती/दि.30 – महाराष्ट्र सरकार द्वारा किसानों के लिए 2 लाख तक की कर्जमाफी योजना के तहत अमरावती जिले में पात्र किसानों की पहली सूची जारी कर दी गई है. जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने निर्देश दिए हैं कि पात्र किसानों की सूची प्रत्येक गांव में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि किसानों को इसकी जानकारी आसानी से मिल सके.
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले के कुल 1 लाख 24 हजार 142 किसानों के नाम पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं. इनमें से 76 हजार 976 किसानों की पहली पात्र सूची जारी की गई है. बैठक में जिला उपनिबंधक राजेश भुयार सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे. जिलाधिकारी ने बताया कि जिला केंद्रीय सहकारी बैंक से कर्ज लेने वाले किसानों के खातों में 2 लाख तक की कर्जमाफी की राशि सीधे जमा की जाएगी. वहीं राष्ट्रीयकृत बैंकों के ऋणधारकों को बैंक की ओर से राइट-ऑफ का लाभ मिलेगा. इससे ऐसे किसानों को 2 लाख से अधिक की कर्ज राहत का भी लाभ मिल सकेगा. इसके लिए आवश्यक वित्तीय व्यवस्था बैंकों द्वारा की गई है. उन्होंने कहा कि कर्जमाफी का लाभ लेने के लिए किसानों को एग्रीस्टैक पर पंजीकरण और ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है. राष्ट्रीयकृत बैंकों के कुछ किसान ई-केवाईसी के दौरान राइट-ऑफ राशि समायोजित दिखाई देने के कारण सहमति नहीं दे रहे हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह केवल तकनीकी प्रक्रिया है और पात्र किसानों को सरकार की ओर से 2 लाख तक की कर्जमाफी का पूरा लाभ मिलेगा.
कर्जमाफी की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए ‘आपले सरकार’ सेवा केंद्रों को सुबह जल्दी से लेकर देर रात तक संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही ई-केवाईसी के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा. यदि कोई केंद्र शुल्क वसूलता पाया गया तो उसकी मान्यता रद्द कर दी जाएगी. जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि पात्र किसानों की सूची बैंक शाखाओं और तलाठी कार्यालयों में चस्पा की जाए तथा प्रत्येक किसान के सामने स्वीकृत कर्जमाफी की राशि भी स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए, ताकि किसानों को योजना की पूरी जानकारी मिल सके.

Back to top button