राहुल रावेकर हत्याकांड में 6 संदिग्धों को लिया कब्जे में

खोलापुर और ग्रामीण अपराध शाखा की कार्रवाई

अमरावती/दि.31 – खोलापुर थाना क्षेत्र के धामोरी फाटा के पास राहुल रावेकर नामक युवक की किसी ने चलती गाडी में पीठ में चाकू घोंपकर हत्या कर दी. मृतक युवक का शव बुधवार की रात 9 बजे के दौरान मार्ग से गुजरने वाले राहगिरों को दिखाई देने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली. पुलिस ने तत्काल जांच शुरु करते हुए इस प्रकरण में पूछताछ केे लिए 6 संदिग्धों को कब्जे में लिया है. उनसे कडी पूछताछ जारी है.
बता दें कि, धामोरी फाटा के पास एक युवक खून से सनी हालत में पडा रहने और उसके पीठ पर चाकू घोंपा रहने की जानकारी 29 जुलाई को डायल 112 पर मिली थी. जानकारी मिलते ही खोलापुर पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. जायजा करने पर मृतक युवक की शिनाख्त भातकुली तसहील के वाठोडा शुक्लेश्वर ग्राम निवासी राहुल राजू रावेकर (32) के रुप में हुई. घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण अपराध शाखा के निरीक्षक अशोक लांडे भी अपने दल के साथ घटनास्थल पहुंच गये थे. साथ ही फॉरेंसिक दल को भी बुलाया गया था. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु करते हुए अब तक 6 संदिग्धों को कब्जे में लेकर उनसे गहन पूछताछ शुरु की है. लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं मिला है. राहुल रावेकर की हत्या का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है. मामले की जांच खोलापुर पुलिस आगे कर रही है.

Back to top button