कर्जमाफी के लिए ई-केवाईसी अभियान तेज करें, किसानों को प्राथमिकता दें

जिलाधिकारी आशीष येरेकर के अधिकारियों को निर्देश

अमरावती/दि.1– अमरावती जिले में किसानों की कर्जमाफी प्रक्रिया को गति देने के लिए जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने अधिकारियों और बैंकों को ई-केवाईसी अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि कर्जमाफी की पहली सूची जारी हो चुकी है और शेष किसानों की सूची भी जल्द जारी होगी. ऐसे में पहली सूची में शामिल 76 हजार 976 किसानों की ई-केवाईसी रविवार तक प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए.
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में तालुका स्तर के सहायक निबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, जिला उपनिबंधक राजेश भुयार तथा अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक नरेश हेडाऊ उपस्थित थे. जिलाधीश येरेकर ने निर्देश दिए कि बैंक शाखाएं प्रत्येक पात्र किसान से फोन पर संपर्क कर उन्हें कर्जमाफी योजना की जानकारी दें, उनकी शंकाओं का समाधान करें तथा यह भी बताएं कि योजना के तहत अधिकतम 2 लाख रुपये तक की कर्जमाफी का लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि कर्जमाफी के लिए एग्रीस्टैक पंजीकरण अनिवार्य है. जिन किसानों का पंजीकरण नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कर्जमाफी प्रक्रिया को गति देने के लिए शनिवार और रविवार को भी बैंक खुले रखें तथा प्रत्येक बैंक में दो नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए. यदि किसानों को कर्ज की राशि में कोई अंतर दिखाई देता है तो उन्हें बताया जाए कि शेष राशि का समायोजन बैंक द्वारा किया जाएगा. किसी भी शिकायत की स्थिति में तत्काल जानकारी देकर रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार किया जाए.
जिलाधीश ने बताया कि पहली सूची में शामिल किसानों की ई-केवाईसी पूरी करने का अभियान जारी है. ‘आपले सरकार’ सेवा केंद्रों पर ई-केवाईसी पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी. यदि कोई केंद्र संचालक किसानों से शुल्क वसूलते हुए पाया गया तो उसका लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिया जाएगा. साथ ही सभी सेवा केंद्रों को कर्जमाफी के लिए आने वाले किसानों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं.

Back to top button