बेटे ने मां पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

* हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
अमरावती/दि.3- जिले के वरुड तहसील के बहाडा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. मामूली घरेलू विवाद के बाद एक बेटे ने अपनी ही मां पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. गंभीर रूप से झुलसी महिला का ग्रामीण अस्पताल में उपचार जारी है. पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी का नाम विशाल ज्ञानेश्वर मरस्कोल्हे (35) है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना 31 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे बहाडा गांव में हुई. घायल महिला की पहचान शीला ज्ञानेश्वर मरस्कोल्हे (55) के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी उसका बेटा विशाल ज्ञानेश्वर मरस्कोल्हे (35) है. एफआईआर के अनुसार, आरोपी ने अपनी मां से घर खाली करने को लेकर विवाद किया. देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इसके बाद विशाल ने घर में रखी बोतल से पेट्रोल अपनी मां के शरीर पर डाल दिया और माचिस से आग लगा दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसे गंभीर हालत में वरुड ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है.
पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर वरुड पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन शाम करीब 7:25 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच एपीआई राहुल जाधव कर रहे हैं. इस घटना से बहाडा गांव में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.





