अमरावती में बेघर लोगों के लिए विशेष अभियान

नागरिकों से मदद की अपील

अमरावती/दि.4- बढ़ती बारिश और ठंड के बीच कोई भी व्यक्ति सड़क पर रात गुजारने को मजबूर न हो, इस उद्देश्य से अमरावती महानगरपालिका और आधार शहरी बेघर आश्रय केंद्र, बडनेरा के संयुक्त तत्वावधान में शहर में बेघर और निराश्रित लोगों की खोज अभियान चलाया गया. नगर निगम आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले के निर्देश पर यह अभियान उप आयुक्त योगेश पीठे तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनंजय शिंदे के मार्गदर्शन में संचालित किया गया.
अभियान के तहत 3 अगस्त की रात 9.30 से 11.30 बजे तक राजापेठ, रेलवे स्टेशन, राजकमल चौक, कॉटन मार्केट, जयस्तंभ चौक, पंचवटी, गाडगेनगर, शेगांव नाका, नवसारी और बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेघर लोगों की तलाश की गई. टीम ने सड़क पर रहने वाले लोगों से संवाद किया तथा नशे की हालत में सड़क पर सो रहे लोगों की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी. इस अभियान में संस्था के अध्यक्ष राजीव बसवनाथे, एनयूएलएम प्रबंधक भूषण बाले, सामुदायिक संगठक प्रफुल्ल कुकडे तथा स्वास्थ्य विभाग के नितीन नांदुरकर ने सक्रिय भागीदारी निभाई.
* बेघर लोगों के लिए निःशुल्क सुविधाएं
मनपा द्वारा संचालित आधार शहरी बेघर आश्रय केंद्र, बडनेरा में बेघर, निराश्रित, वृद्ध, दिव्यांग, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इनमें सुरक्षित आवास, भरपेट गर्म भोजन, स्वच्छ कपड़े, कंबल, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर शामिल है.
* नागरिकों से सहयोग की अपील
अमरावती महानगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें शहर में कोई बेघर, असहाय, वृद्ध, महिला, बच्चा या जरूरतमंद व्यक्ति सड़क पर दिखाई दे तो इसकी तुरंत सूचना दें, ताकि उसे आश्रय केंद्र तक पहुंचाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके. संपर्क के लिए एनयूएलएम प्रबंधक भूषण बाले (99757 37447) तथा आधार केंद्र, बडनेरा की प्रबंधक ज्योति राठोड़ (94229 56916) से संपर्क किया जा सकता है. महानगरपालिका ने नागरिकों से आह्वान किया है कि स्वच्छ अमरावती, सुंदर अमरावती और बेघर-भिक्षुक मुक्त अमरावती के लक्ष्य को साकार करने में अपना सहयोग दें.

Back to top button