‘एक पेड मां के नाम’ अभियान अंतर्गत मणिबाई गुजराती हाईस्कूल में वृक्षारोपण
विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

* औषधीय पौधों का किया रोपण
अमरावती/दि.4– भारत सरकार के शिक्षा विभाग द्बारा संचालित ‘एक पेड मां के नाम’ अभियान अंतर्गत ‘निसर्गसुधा ऑर्गेनिक फार्म’ के सहयोग से स्थानीय मणिबाई गुजराती हाईस्कूल एवं श्रीमती सुलोचना बेन त्रिकमदास कापडिया जुनियर कॉलेज अंबापेठ द्बारा बेलोरा विमानतल के समीप स्थित निसर्गसुधा फार्म में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थी और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढाना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था. कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति के अनुरूप गौ-पूजन से हुआ. वृक्षारोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए नीलेशभाई लाठिया ने की. इस अवसर पर विद्यालय की मुख्याध्यापिका श्रीमती अंजली देव ने सभी अतिथियों का भारतीय प्रजाति के औषधीय पौधे भेंट कर स्वागत किया. कार्यक्रम में दी गुजराती एज्युकेशन सोसायटी के अध्यक्ष सीए नीलेशभाई लाठिया, सचिव एड. संजयभाई सांगानी, एड. शर्मा, किशोर केडिया तथा भवानीशंकर देव विशेष रूप से उपस्थित थे.
अपने अध्यक्षीय संबोधन में सीए नीलेशभाई लाठिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आवाहन किया. वहीं श्रीमती अंजली देव ने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देते हुए वृक्ष संरक्षण एवं सामाजिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला. एड. शर्मा ने भी संस्था और विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया.
पश्चात अतिथियों के हाथों भारतीय प्रजाति के विभिन्न पौधों का रोपण किया गया. कार्यक्रम का संचालन अनिल तिवारी ने किया व ईको क्लब के प्रभारी मनीष देशमुख ने कार्यक्रम का समन्वय करते हुए आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्स्फुर्त सहभाग लिया तथा सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण और पौधों के संवर्धन का संकल्प लिया.यह आयोजन विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ.





