सब-कैटेगराइजेशन के विरोध में पीरिपा का धरना
सरकार से फैसला वापस लेने की मांग

अमरावती/दि.5 – अनुसूचित जातियों के उप-वर्गीकरण के प्रस्ताव के विरोध में पीपुल्स रिपब्लिकन पार्टी ने मंगलवार को अमरावती के डॉ. इरविन चौक स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. आंदोलन का नेतृत्व पार्टी के राज्य कार्यकारी अध्यक्ष चरणदास इंगोले ने किया.
धरने को संबोधित करते हुए चरणदास इंगोले ने कहा कि अनुसूचित जातियों में उप-वर्गीकरण का समर्थन केवल एक जाति कर रही है, जबकि 58 जातियां इसका विरोध कर रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को कुछ लोगों को खुश करने के लिए ऐसा निर्णय नहीं लेना चाहिए, जिससे बड़ी संख्या में समाज के लोगों के साथ अन्याय हो. उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार उप-वर्गीकरण लागू करती है तो अंबेडकरवादी समाज इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा. प्रदर्शन के दौरान नामांतर आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई. आंदोलनकारियों ने उप-वर्गीकरण के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.
* मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के बाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नाम ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में राज्य सरकार से अनुसूचित जातियों के संवैधानिक आरक्षण की रक्षा करने तथा उप-वर्गीकरण के प्रस्तावित निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की गई. आंदोलन में विदर्भ अध्यक्ष प्रो. डी.के. वासनिक, जिला अध्यक्ष विलास पंचभाई, डी.जे. खडसे, सुरेश बहादुरे, बुद्धदास इंगोले, सविताताई टकसांडे, आशाताई इंगोले, अर्चनाताई भुरभुरे, अर्चनाताई गाडलिंग, बाबूराव धाकड़े, प्रदीप ढेंबेरे, हिम्मत गाडलिंग, एड. दीपक आकोड़े सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और भीमसैनिक उपस्थित थे.





