पशुपतिनाथ मंदिर में गूंजा शदाणी दरबार का जयकारा
माता साहिब हासी देवी के द्विशताब्दी जन्मोत्सव पर नेपाल में हुआ सेवा कार्य

अमरावती /दि.5 – काठमांडू -शदाणी दरबार के पंचम पीठाधीश्वर पूजा माता साहिब हासी देवी जी के पावन 200वें जन्मोत्सव (द्विशताब्दी वर्ष) के उपलक्ष्य में, वर्तमान पीठाधीश्वर पूज्य संत श्री डॉ. युधिष्ठिर लाल जी की प्रेरणा से शदाणी दरबार द्वारा पूरे वर्ष ’सेवा वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है. इसी श्रृंखला के तहत नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित विश्व प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में एक विशेष धार्मिक और सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
* सिर पर प्रतिमा रखकर किए दर्शन, विश्व शांति की प्रार्थना
इस अवसर पर पूज्य शदाणी दरबार अमरावती के युवा सेवाधारी योगेश केशवानी विशेष रूप से नेपाल पहुँचे. उन्होंने अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान पूज्य माता साहिब हासी देवी जी की पावन प्रतिमा को अपने हाथ में रखकर पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में प्रवेश किया और विधि-विधान के साथ दर्शन किए. मंदिर प्रांगण में उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ के चरणों में शीश नवाकर समस्त विश्व में शांति, सद्भाव और मानव कल्याण के लिए विशेष मंगल प्रार्थना की.
* जरूरतमंदों को किया गया प्रसाद वितरण
दर्शन और प्रार्थना के उपरांत सेवा कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंदों को प्रसाद का वितरण किया गया. इस दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और इस पुण्य कार्य में सहभागिता निभाई.
* पूरे वर्ष हो रहे हैं सेवा कार्य
शदाणी दरबार द्वारा आयोजित इस ’सेवा वर्ष’ के अंतर्गत देश-विदेश में लगातार जरूरतमंदों की सहायता, धार्मिक अनुष्ठान और मानवता से जुड़े कई कार्य किए जा रहे हैं. नेपाल में हुए इस आयोजन से श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला है.





