राजापेठ क्षेत्र में प्लास्टिक जब्ती अभियान में दो प्रतिष्ठानों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना
कचरा जलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर अमरावती मनपा की कार्रवाई

अमरावती/दि. 5 – अमरावती मनपा ने स्वच्छता और प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती करते हुए मंगलवार को राजापेठ जोन के नमूना और बालाजी प्लॉट क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दो प्रतिष्ठानों पर कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.
मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक के निर्देश तथा वैद्यकीय अधिकारी (स्वच्छता) डॉ. अजय जाधव और जोन क्रमांक-2 के सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान 20 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई. निरीक्षण में ठोस कचरा प्रबंधन और प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई. सिंध प्लाय डेकोर प्रतिष्ठान द्वारा खुले में कचरा डालकर जलाने का मामला सामने आने पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं संजय रिफ्रेशमेंट में प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर भी 5 हजार रुपये का दंड लगाया गया. इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
अभियान में प्लास्टिक नोडल अधिकारी ए. के. गोहर, वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक श्रीकांत डवरे, स्वास्थ्य निरीक्षक मिथुन उसरे, धनीराम कलोसे, सचिन सैनी, अजिंक्य जवंजाळ, मिथुन वाघमारे, पवन चावरे और शक्ति पीवाल सहित अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया. मनपा ने नागरिकों और व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है.





