‘सावजी’ भोजन पर टिप्पणी वापस लें

तुकाराम मुंढे से सार्वजनिक माफी की मांग

नागपुर /दि.6– विदर्भ राज्य आंदोलन समिति के यूथ फ्रंट ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन आयुक्त तुकाराम मुंढे से ‘सावजी’ भोजन को लेकर दिए गए कथित बयान को वापस लेने और विदर्भ की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है.
हाल ही में नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान तुकाराम मुंढे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा कि, अगर मेरे जैसे लोग सावजी खाना खाएंगे, तो कम से कम एक महीना अस्पताल में बिताना पड़ेगा. इस टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया है. विदर्भ राज्य आंदोलन समिति के यूथ फ्रंट के प्रांतीय अध्यक्ष मुकेश मासुरकर ने मुंढे के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि सावजी भोजन केवल एक व्यंजन नहीं, बल्कि नागपुर और पूरे विदर्भ की सांस्कृतिक विरासत, पहचान और खान-पान की परंपरा का अहम हिस्सा है. ऐसे भोजन और उससे जुड़ी संस्कृति पर अपमानजनक टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है.
मासुरकर ने कहा कि किसी व्यक्ति का व्यक्तिगत अनुभव पूरे क्षेत्र की खाद्य संस्कृति का पैमाना नहीं हो सकता. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कोल्हापुर का भोजन भी काफी मसालेदार होता है, लेकिन उससे पूरे खान-पान की परंपरा पर सवाल नहीं उठाए जाते. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को किसी भी क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय भावनाओं का सम्मान करते हुए बयान देना चाहिए. व्यक्तिगत पसंद-नापसंद व्यक्त करना अलग बात है, लेकिन उससे किसी क्षेत्र की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का अपमान नहीं होना चाहिए. समिति ने तुकाराम मुंढे से अपना बयान वापस लेने और विदर्भवासियों से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगने की मांग की है.

 

Back to top button