मोर्शी पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

5.30 लाख का माल बरामद

अमरावती/दि.7 – मोर्शी पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, सोने के आभूषण तथा वारदात में इस्तेमाल चारपहिया वाहन समेत कुल 5.30 लाख रुपये का माल बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम पिंपलखुटा निवासी कुणाल प्रवीण शहाणे (19) और हाशमपुर निवासी प्रशिक बालासाहेब इंगले (19) है.
जानकारी के मुताबिक 4 अगस्त को पिंपलखुटा निवासी सीताराम पुनाजी भांगे (60) ने मोर्शी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि उन्होंने नया घर बनाने के लिए अपनी आठ बकरियां बेचकर मिले 90 हजार रुपये घर में लोहे के बक्से में रखे थे. उसी बक्से में उनकी पत्नी का करीब 10 हजार रुपये मूल्य का मंगलसूत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे थे. घटना के दिन वह सुबह घर में ताला लगाकर बकरियां चराने गए थे. शाम को लौटने पर घर के आंगन की दीवार में सेंध लगी मिली और लोहे का बक्सा गायब था. अज्ञात चोर नकदी, मंगलसूत्र व अन्य सामान सहित करीब 1 लाख 500 रुपये का माल चोरी कर फरार हो गए. शिकायत के आधार पर मोर्शी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील हुड ने मौके का निरीक्षण कर थानेदार राहुल आठवले एवं क्राइम डिटेक्शन टीम को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए. तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कुणाल प्रवीण शहाणे (19) तथा प्रशिक बालासाहेब इंगले (19)को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20,500 रुपये नकद, दो सोने की अंगूठियां, मोतियों की थैली तथा वारदात में इस्तेमाल हुंडई कंपनी की कार क्रमांक एम.एच.-02-डीडब्ल्यू-2201 जब्त की. बरामद माल की कुल कीमत 5 लाख 30 हजार 500 रुपये बताई गई है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील हुड के मार्गदर्शन तथा पुलिस निरीक्षक राहुल आठवले के नेतृत्व में उपनिरीक्षक तुषार चव्हाण एवं क्राइम डिटेक्शन टीम के पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से की.

Back to top button