जूना बायपास रोड पर होगा सर्वधर्मीय सामूहिक विवाह समारोह कल
गरीब, दिव्यांग और अंतरजातीय जोड़ों के लिए सामूहिक विवाह का सुनहरा अवसर

* पंजीयन की अंतिम तिथि 8 अगस्त
अमरावती/दि.8 – महंगाई के दौर में विवाह का बढ़ता खर्च गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. ऐसे परिवारों के साथ-साथ दिव्यांग, अंतरजातीय एवं समान जाति के विवाह करने के इच्छुक युवक-युवतियों को राहत देने के उद्देश्य से साहित्य सम्राट अन्नाभाऊ साठे बहुउद्देशीय शैक्षणिक मंडल की ओर से भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है. मंडल के अध्यक्ष डॉ. रूपेश खडसे के मार्गदर्शन में यह सर्वधर्मीय सामूहिक विवाह समारोह 9 अगस्त को दोपहर 1 बजे जूना बायपास रोड स्थित प्रभादेवी मंगल कार्यालय के वातानुकूलित मंडप में आयोजित किया जाएगा.
* विवाह खर्च से राहत, सरकारी योजनाओं का लाभ
आयोजकों के अनुसार, सामूहिक विवाह समारोह में विवाह करने वाले पात्र जोड़ों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा. इसमें दिव्यांग-दिव्यांग अथवा दिव्यांग-अदिव्यांग जोड़ों के लिए 1.50 लाख से 2.50 लाख रुपये तक, अंतरजातीय विवाह करने वाले पात्र जोड़ों के लिए 75 हजार रुपये, अनुसूचित जाति के पात्र जोड़ों के लिए 25 हजार रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र जोड़ों के लिए 20 हजार रुपये तक की सहायता का उल्लेख किया गया है.
* 8 अगस्त तक पंजीयन जरूरी
इस सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने के इच्छुक वर-वधू को 8 अगस्त तक पंजीयन कराना अनिवार्य है. आयोजकों ने सीमित स्थान को देखते हुए इच्छुक जोड़ों से समय रहते आवेदन जमा करने की अपील की है.
* पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज
स्कूल प्रमाणपत्र/टीसी, निवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज फोटो, पहली शादी का प्रमाणपत्र/संबंधित दस्तावेज, बैंक पासबुक की प्रति, जाति प्रमाणपत्र, यदि लागू हो, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, दिव्यांग आवेदकों के लिए, आवेदन के साथ ेदस्तावेजों की प्रतियां जमा करनी होंगी.
* यहां जमा करें आवेदन
इच्छुक वर-वधू अपने आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज डॉ. रूपेश खडसे मोटर ड्राइविंग स्कूल, प्रभादेवी मंगल कार्यालय, जूना बायपास स्थित मुख्य कार्यालय में स्वयं जाकर जमा कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए 7350712852 तथा 9921560309 पर संपर्क करने की अपील आयोजकों ने की है.