अमरावती में आरटीओ लेगा मराठी की क्लास
पहले वर्ग के लिए 100 रिक्शा चालकों का पंजीयन

* 15 अगस्त से ऑटो चालक को मराठी आना अनिवार्य
* मंगलवार 11 अगस्त को पहली क्लास
अमरावती/दि.8 – आगामी स्वाधीनता दिवस 15 अगस्त से महाराष्ट्र में सभी ऑटो रिक्शा चालकों को मराठी बोलना आना अनिवार्य किया गया है. अत: प्रादेशिक परिवहन विभाग द्वारा ऑटो चालकों के लिए मराठी भाषा सिखाने के लिए आगामी मंगलवार 11 अगस्त से दफ्तर में ही कक्षाएं आयोजित की जा रही है. इस क्लास में अमरावती की भाषाविद डॉ. मंदा नांदुरकर ऑटो रिक्शा चालकों को मराठी भाषा बोलना सिखाएगी. यह जानकारी सहायक प्रादेशिक परिवहन अधिकारी नंदकिशोर काले ने अमरावती मंडल को दी.
उन्होंने बताया कि, राज्य के सभी आरटीओ में इस प्रकार के वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं. अत: अमरावती में भी जिन ऑटो रिक्शा चालकों को मराठी भाषा बोलना नहीं आता, उनके लिए खास वर्ग रखे गए हैं. अभी आगामी मंगलवार के पहले वर्ग हेतु 100 रिक्शा चालकों ने पंजीयन कराया है. आगे भी और अधिक रिक्शा चालक के सामने आने पर क्लासेस का आयोजन जारी रहेगा.
उल्लेखनीय है कि, मुंबई महानगर में मराठी भाषा का विषय बडा चर्चित हुआ था. आंदोलन के बाद राज्य शासन ने ऑटो रिक्शा चालक को मराठी भाषा आना अनिवार्य किया था. इसके लिए आगामी 15 अगस्त की समय-सीमा भी तय की गई थी. शासन ने अपने निर्णय के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आरटीओ को जिम्मा सौंपा है. आरटीओ ने मराठी के क्लास नियोजित किए हैं. अमरावती में पहला वर्ग 11 अगस्त को सुबह 11 बजे आरटीओ में शुरु होगा. प्रमुख अधिकारी उर्मिला पवार, नंदकिशोर काले और अन्य डेप्युटी और सहायक प्रादेशिक परिवहन अधिकारी इस समय उपस्थित रहेंगे. ऑटो रिक्शा चालकों के संगठनों से भी आरटीओ ने इस संदर्भ में संपर्क किया है.