रात में घर से गायब हुईं दो नाबालिग, पुणे जाने से पहले रेलवे स्टेशन पर मिलीं!
कोतवाली पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई

* मोबाइल लोकेशन से जंगल तक तलाश
* गुप्त सूचना ने पहुंचाया अमरावती स्टेशन
अमरावती/दि.8 – शुक्रवार की रात अमरावती शहर में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो नाबालिग युवतियों के अचानक लापता होने की जानकारी सामने आई. एक युवती के माता-पिता घबराए हुए कोतवाली पुलिस थाने पहुंचे. पुलिस ने तत्काल मामले की गंभीरता को समझते हुए तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में दोनों नाबालिगों को अमरावती रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस की तत्परता और लगातार प्रयासों के चलते दोनों नाबालिगों को समय रहते सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
शुक्रवार 7 अगस्त की रात करीब 9 से 9.30 बजे कोतवाली पुलिस थाने में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी नियमित कामकाज में व्यस्त थे. इसी दौरान एक दंपती घबराई हुई हालत में थाने पहुंचा. उनकी स्थिति देखकर थानेदार रोशन सिरसाट ने उन्हें ढांढस बंधाया और पूरी जानकारी ली. दंपती ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी शहर के एक प्रतिष्ठित विद्यालय में पढ़ती है. वह शुक्रवार को स्कूल गई थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी. पुलिस पूछताछ कर ही रही थी कि इसी बीच एक और नाबालिग युवती के लापता होने की जानकारी सामने आई. चौंकाने वाली बात यह थी कि दूसरी युवती पहली नाबालिग की दोस्त थी.
दो नाबालिगों के एक साथ लापता होने की जानकारी मिलते ही पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने थानेदार रोशन सिरसाट और क्राइम ब्रांच को तत्काल दोनों युवतियों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस के दो अलग-अलग दल गठित किए गए. एक ओर शहर और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू हुई, तो दूसरी ओर बाहर जाने वाले संभावित रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई.
* मोबाइल लोकेशन कभी मिली, कभी अचानक बंद हो गई
दोनों में से एक नाबालिग के पास मोबाइल फोन था. पुलिस ने तकनीकी माध्यम से उसका लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया. लोकेशन अलग-अलग स्थानों पर मिल रही थी, लेकिन कुछ समय बाद मोबाइल अचानक बंद हो गया. पुलिस ने मिली लोकेशन के आधार पर मार्डी रोड, आसपास के जंगल और भानखेड़ा क्षेत्र तक तलाश अभियान चलाया. नाबालिगों की उम्र कम होने के कारण पुलिस अधिकारी लगातार गंभीरता से हर संभावित स्थान की जांच कर रहे थे.
* एक गुप्त सूचना और सीधे रेलवे स्टेशन पहुंची पुलिस
कोतवाली थाने में दोनों नाबालिगों के लापता होने का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि दोनों युवतियां अमरावती मॉडल रेलवे स्टेशन पर मौजूद हैं और ट्रेन से पहले बडनेरा तथा वहां से पुणे जाने की तैयारी में हैं. सूचना मिलते ही थानेदार रोशन सिरसाट के नेतृत्व में पुलिस दल तत्काल अमरावती रेलवे स्टेशन पहुंचा. वहां दोनों नाबालिग युवतियां सकुशल मिल गईं. पुलिस ने उन्हें अपने संरक्षण में लिया और कोतवाली थाने लाया गया. बाद में उनके पालकों को थाने बुलाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और दोनों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
* पुलिस ने साधी चुप्पी
दोनों नाबालिग युवतियां आखिर किस वजह से घर नहीं लौटना चाहती थीं और पुणे क्यों जाने की तैयारी में थीं, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है. यह भी सवाल बना हुआ है कि स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा की पहचान स्कूल में नहीं पढ़ने वाली अपनी सहेली से कैसे हुई और दोनों आखिर साथ में कहां जाने वाली थीं. इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने फिलहाल कोई जानकारी देने से इनकार किया है.
* तीन महीने पहले भी लापता हुई थी एक नाबालिग
पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग की सहेली करीब तीन महीने पहले फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र से लापता हुई थी. उस समय भी शहर पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया था. पुलिस के अथक प्रयासों के बाद वह सुबह सुरक्षित मिल गई थी. फिलहाल पुलिस दोनों नाबालिगों का समुपदेशन कर रही है, ताकि उनके घर से निकलने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आ सके.





