स्कूल बस ने 6 साल की मासूम को कुचला
रिद्धपुर में दर्दनाक हादसा

* दादा की आंखों के सामने चली गई पोती की जान
* गुस्साए लोगों से तनावपूर्ण माहौल, पुलिस का कड़ा बंदोबस्त
चांदूर बाजार/दि.8 – रिद्धपुर गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. स्कूल से घर लौट रही महज 6 वर्षीय छात्रा को स्कूल बस के अगले पहिए ने कुचल दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में नागरिक घटनास्थल तथा अस्पताल परिसर में जमा हो गए. मृतक छात्रा का नाम रिद्धपुर निवासी ईश्वरी रविंद्र ठाकरे (6) है. ईश्वरी चांदूर बाजार के आनंद प्राइमरी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती थी.
जानकारी के मुताबिक ईश्वरी ठाकरे रोज की तरह स्कूल से वाहन क्रमांक एमएच-27/ए-9763 से अपने घर लौट रही थी. सुबह करीब 11.30 बजे स्कूल वाहन रिद्धपुर पहुंचा. पुलिस चौकी के सामने चार विद्यार्थी वाहन से उतरे. बताया गया कि तीन विद्यार्थी एक दिशा में चले गए, जबकि ईश्वरी अपने दादा की ओर जाने के लिए बस के सामने से गुजर रही थी. इसी दौरान वाहन चालक अक्षय रामदास कुडसुनगे ने कथित तौर पर लापरवाही और जल्दबाजी में वाहन आगे बढ़ा दिया और बस के अगले पहिए की चपेट में आने से ईश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गई. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि ईश्वरी को लेने पहुंचे उसके दादा की आंखों के सामने यह हादसा हुआ. घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए. हादसे के बाद मासूम ईश्वरी को उसी स्कूल वाहन से चांदूर बाजार के उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई. ईश्वरी की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
* पुलिस ने चालक और स्कूल बस को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल बस और चालक को हिरासत में लिया. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. घटना की गंभीरता को देखते हुए चांदूर बाजार के थानेदार आधारसिंग सोनोन और उनकी टीम के साथ शिरखेड पुलिस का दल घटनास्थल पर तैनात रहा. दर्यापुर के एसडीपीओ कुलकर्णी भी मौके पर पहुंचे.
* तनाव को देखते हुए आरसीपी की टुकड़ी तैनात
मासूम छात्रा की मौत के बाद रिद्धपुर और चांदूर बाजार में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की. आरसीपी की टुकड़ी को चांदूर बाजार शहर और रिद्धपुर गांव में तैनात किया गया. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए घटनास्थल और अस्पताल परिसर में भी निगरानी बढ़ा दी.
* पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
दोपहर करीब 2.30 बजे ईश्वरी के शव का पोस्टमार्टम किया गया. इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया. छोटी-सी उम्र, स्कूल से घर लौटने की खुशी और रास्ते में ही जिंदगी का अंत इस दर्दनाक हादसे ने ईश्वरी के परिवार के साथ-साथ पूरे रिद्धपुर और चांदूर बाजार क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है. स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की जिम्मेदारी को लेकर भी इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.





