कैम्प मस्जिद में घुसा युवक, कांच तोड़कर नमाज स्थल तक पहुंचा

रात में हुई घटना से इलाके में मचा हड़कंप

* पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शुरू की जांच
अमरावती/दि.12 – शहर के फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र स्थित कैम्प मस्जिद में मंगलवार देर रात एक युवक के घुस जाने और तोड़फोड़ करने की घटना से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया. युवक ने मस्जिद के प्रवेश द्वार पर लगे कांच को नुकसान पहुंचाया और अंदर जाकर नमाज अदा करने वाले स्थान तक पहुंच गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और मस्जिद परिसर के लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना पर फ्रेजरपुरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात एक युवक अचानक कैम्प मस्जिद परिसर में घुस गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने प्रवेश द्वार पर लगे कांच को तोड़ दिया और उसके बाद मस्जिद के भीतर पहुंचकर नमाज पढ़ने वाले स्थान पर जाकर लेट गया. देर रात हुई इस घटना से आसपास के लोगों में खलबली मच गई. मामले की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और मस्जिद से जुड़े लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. स्थिति को देखते हुए फ्रेजरपुरा पुलिस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया. पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान रवि सुधाकर इंगोले (24, धामक, तलेगांव) के रूप में हुई है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार रवि इंगोले का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि वह पूर्व में पॉक्सो अधिनियम से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार हुआ था और हाल ही में 6 अगस्त को जेल से रिहा होकर बाहर आया था. घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल युवक की मंशा को लेकर उठ रहा है. आखिर वह देर रात मस्जिद में क्यों घुसा, क्या उसका उद्देश्य केवल आश्रय लेना था या फिर किसी प्रकार की शरारत अथवा अन्य गतिविधि को अंजाम देना था, इसकी जांच पुलिस कर रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूछताछ कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है. वहीं घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. मामले की जांच जारी है और युवक से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.     * सीपी ओला ने मामले की गंभीरता समझी, मौके पर पहुंचे
इस घटना की जानकारी मिलते ही शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने मामले की गंभीरता व मौके की नजाकत को समझते हुए आज सुबह कैम्प मस्जिद को भेंट दी. साथ ही परिसरवासियों से मुलाकात करते हुए उन्हें इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया. इस समय सीपी राकेश ओला ने कैम्प मस्जिद प्रबंधन कमेटी के सदस्यों एवं परिसरवासियों से शांती और सौहार्द बनाये रखने का आवाहन भी किया.

Back to top button