जवाहर गेट पर होगा भव्य ध्वजारोहण समारोह
तिरंगे से सजेगा जवाहर गेट से अंबादेवी तक का मार्ग

* हिंदू-मुस्लिम एकता का दिया जाएगा संदेश
अमरावती /दि.12- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमिटी एवं विलास इंगोले मित्र परिवार की ओर से 15 अगस्त को ऐतिहासिक जवाहर गेट पर भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया है. सुबह 9 बजे होने वाले इस समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है.
समारोह में सांसद बलवंत वानखड़े, पूर्व पालकमंत्री यशोमती ठाकुर, पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख, शहर कांग्रेस अध्यक्ष बबलू शेखावत, मनपा विरोधी पक्षनेता विलास इंगोले, पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे, प्रदेश प्रवक्ता दिलीप एडतकर, प्रदेश महासचिव किशोर बोरकर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जयश्री वानखड़े, प्रदेश सचिव हाजी नजीर खान बी.के., प्रदेश सचिव आसिफ तवक्कल, अल्पसंख्यक सेल अध्यक्ष अब्दुल रफीक, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलेश गुहे, युवक कांग्रेस अमरावती विधानसभा अध्यक्ष वैभव देशमुख, एनएसयूआई शहर अध्यक्ष स्वराज पोटे तथा सेवादल अध्यक्ष प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे. इस वर्ष जवाहर गेट को पूरी तरह तिरंगे से सजाया जाएगा. इतवारा बाजार से अंबादेवी मंदिर तक भी भव्य तिरंगा सजावट की जाएगी. इसके साथ आकर्षक लाइटिंग और फ्लेक्स लगाए जाएंगे. आयोजकों के अनुसार, राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन को भव्य स्वरूप देने के साथ सामाजिक एकता और हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश भी दिया जाएगा.
कांग्रेस कमिटी की ओर से शहर के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों, नगरसेवक-नगरसेविकाओं, फ्रंटल संगठनों, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल, ओबीसी, एससी, एसटी, अल्पसंख्यक विभाग, सोशल मीडिया विभाग सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपनी पूरी टीम के साथ बड़ी संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया गया है. साथ ही अमरावती शहर के नागरिकों से भी स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व में बड़ी संख्या में सहभागी होकर समारोह की शोभा बढ़ाने की अपील की गई है. कार्यक्रम का आयोजन अमरावती शहर कांग्रेस कमिटी एवं विलास इंगोले मित्र परिवार की ओर से किया जा रहा है.





