शिवाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय मोर्शी में विद्यार्थी सुरक्षा समिति की बैठक हुई

विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं पर हुआ मंथन

मोर्शी /दि.13– श्री शिवाजी शिक्षण संस्था द्वारा संचालित शिवाजी उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोर्शी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थी सुरक्षा समिति एवं भौतिक सुविधा विकास समिति की बैठक आयोजित की गई. विद्यालय के विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी मुख्याध्यापक मिलिंद ढाकुलकर ने की.
बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा, विद्यालय परिसर में आवश्यक सुविधाओं, यातायात व्यवस्था तथा विद्यार्थियों को शैक्षणिक दृष्टि से अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई. विद्यार्थियों को स्कूल में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके, इस दिशा में समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव रखे.
बैठक में मोर्शी आगार व्यवस्थापक योगेश ठाकरे, सेवानिवृत्त पूर्व मुख्याध्यापक दिनेशराव अर्डक, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गजानन पाटील, नगर परिषद मोर्शी के कक्ष अधिकारी अमोल ढोले, एडवोकेट शामल श्रीवास, यातायात नियंत्रक गणेश सतई, युवा उद्यमी मंगेश राऊत, मोर्शी पुलिस स्टेशन के गुप्तचर विभाग के योगेश सांभारे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. इसके अलावा पालक प्रतिनिधि जयंत देशमुख और निलेश लायदे, महिला प्रतिनिधि सीमा सावरकर, शिक्षक प्रतिनिधि संदीप ठाकरे, राजेश मुंगसे और अजय हिवसे, पूर्व छात्रा प्रतिनिधि प्रवीणा बोहरूपी तथा संयोजिका सुषमा राईकवार उपस्थित थीं. बैठक में उपस्थित सभी मान्यवरों ने विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए. विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण निर्माण करने पर विशेष जोर दिया गया. कार्यक्रम का संचालन राजेश मुंगसे ने किया.

Back to top button