शहर की सड़कों को घुमंतुओं से मुक्त कराने ठोस उपाय जरूरी

मनपा पार्षद व वरिष्ठ विधिज्ञ एड. प्रशांत देशपांडे ने उठाया मुद्दा

* फ्लायओवर के नीचे पे एंड पार्क योजना को बताया समाधान
अमरावती/दि.13- शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और फ्लायओवर के नीचे लगातार बढ़ती घुमंतू समुदाय की मौजूदगी, अव्यवस्थित पार्किंग, गंदगी और यातायात बाधाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी के स्वीकृत पार्षद तथा वरिष्ठ विधिज्ञ एड. प्रशांत देशपांडे ने गंभीर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण और घुमंतू बस्तियों से मुक्त कराने के लिए प्रशासन को केवल अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी और ठोस उपाय करने होंगे, अन्यथा भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से इस मुद्दे को विभिन्न मंचों पर उठाते आ रहे हैं, साथ ही उन्होंने मनपा आयुक्त व कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर दो से तीन बार घुमंतू समुदाय के लोगों को शहर की सडकों से हटाकर कही अन्य स्थलांतरीत व पुनर्वसित करने का प्रयास भी किया था. परंतु इसके बावजूद स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है. शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले राजकमल चौक से जयस्तंभ चौक के बीच बने फ्लायओवर के नीचे पार्किंग के लिए आरक्षित स्थानों पर दिनभर घुमंतू समुदाय के लोगों का डेरा लगा रहता है. इससे जहां वाहन चालकों को परेशानी होती है, वहीं यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है.
* सड़क के बीच जलते हैं चूल्हे, हादसे की आशंका
पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे ने बताया कि फ्लायओवर के नीचे और सड़क डिवाइडर के समीप घुमंतू परिवार लकड़ी के चूल्हे जलाकर भोजन बनाते हैं. इन स्थानों के आसपास बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े रहते हैं. ऐसी स्थिति में किसी भी समय आग फैलने से बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना घट सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि चूल्हों से निकलने वाला धुआं फ्लायओवर के स्तंभों और उनके सौंदर्यीकरण को भी नुकसान पहुंचा रहा है. करोड़ों रुपये खर्च कर विकसित किए गए सार्वजनिक ढांचे की सुंदरता लगातार खराब हो रही है.
* गंदगी, शराबखोरी और झगड़ों से नागरिक परेशान
पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे के अनुसार घुमंतू समुदाय के कुछ लोगों द्वारा पूरे परिसर में गंदगी फैलाई जाती है, जिससे नागरिकों को असुविधा होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शराब पीकर हुड़दंग और आपसी झगड़े भी होते हैं, जिससे आसपास के दुकानदारों, वाहन चालकों और राहगीरों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है. उन्होंने कहा कि यह केवल सौंदर्यीकरण या स्वच्छता का विषय नहीं है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है.
* पहले भी हुई कार्रवाई, लेकिन नहीं निकला स्थायी समाधान
पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे ने बताया कि अतीत में पुलिस प्रशासन द्वारा दो से तीन बार घुमंतू परिवारों को शहर से हटाकर बाहरी क्षेत्रों में भेजा गया था. हालांकि कुछ मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई, जिसके बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका और अधिकांश लोग दोबारा उसी स्थान पर लौट आए. उन्होंने कहा कि केवल हटाने की कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा. प्रशासन को ऐसा मॉडल विकसित करना होगा जिससे सार्वजनिक स्थानों का नियोजित उपयोग सुनिश्चित हो सके और समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो.
* फ्लायओवर के नीचे शुरू हो ‘पे एंड पार्क’ योजना
समस्या के समाधान के लिए पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे ने अमरावती महानगरपालिका को महत्वपूर्ण सुझाव दिया है. उन्होंने फ्लायओवर के नीचे उपलब्ध पार्किंग स्थलों पर ‘पे एंड पार्क’ योजना शुरू करने की मांग की है. उनके अनुसार मनपा अत्यल्प शुल्क पर पार्किंग संचालन का ठेका निजी एजेंसी को दे सकती है. ठेकेदार को केवल वाहन पार्किंग की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि पूरे परिसर की नियमित सफाई, रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सौंपी जानी चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि राजकमल चौक से श्याम चौक, जयस्तंभ चौक होते हुए मालवीय चौक तक फ्लायओवर के नीचे उपलब्ध पार्किंग क्षेत्र को इस योजना में शामिल किया जाए. इससे पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित होगी और क्षेत्र में अनधिकृत कब्जों की संभावना भी समाप्त हो जाएगी.
* मनपा को मिलेगा राजस्व, शहर को मिलेगी सुविधा
पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे का मानना है कि पे एंड पार्क योजना लागू होने पर घुमंतुओं की समस्या स्वतः समाप्त हो जाएगी, क्योंकि पार्किंग स्थल का नियमित और नियंत्रित उपयोग शुरू हो जाएगा. इसके साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षित पार्किंग सुविधा मिलेगी और शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से अमरावती महानगरपालिका को अतिरिक्त आय और राजस्व भी प्राप्त हो सकता है. वर्तमान में उपयोगहीन पड़े स्थानों को सुव्यवस्थित ढंग से विकसित कर शहर के हित में इस्तेमाल किया जा सकता है.
* प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे ने मनपा प्रशासन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने की मांग की है. उनका कहना है कि शहर की सुंदरता, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब निर्णायक कदम उठाने का समय आ गया है. यदि प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप धारण कर सकती है.

Back to top button