शहर के अन्य टी-पॉइंटों पर भी करें यातायात विभाग के कर्मचारी नियुक्त

राजवीर संगठना के संस्थापक अध्यक्ष रहमत खान का सुझाव

* यातायात को लेकर ठोस उपाययोजना की मांग की
अमरावती/दि.15- राजवीर जनहित संगठना के संस्थापक अध्यक्ष रहमत खान उर्फ रम्मू पत्रकार ने कहा कि, हालही में इर्विन चौक परिसर से लेकर आईएमआई हॉल तक यातायात की समस्याओं को लेकर स्कूली विद्यार्थियों एवं सामान्य नागरिकों के हित के लिए यातायात कर्मचारियों की फौज तैनात कर दी है. वहीं एक दिशा से दर्जनों बैरिकेट लगा दिए गए है. इस निर्णय का पुलिस आयुक्त राकेश ओला का हम स्वागत करते हैं. परंतु कुछ ठिकाने ऐसे भी है, जहां पर सामान्य नागरिकों के बच्चे स्कूल में पढते है, वहां पर यातायात कर्मचारी तैनात नहीं है और ना ही पुलिस विभाग की ओर से बैरिकेट्स लगाए गए है. पुलिस प्रशासन को यातायात सुचारु करने एवं किसी भी तरह की दुर्घटना होने से पहले इन ठिकानों पर भी यातायात कर्मचारियों की तैनाती के अलावा पुलिस बैरिकेट्स लगाए जाने चाहिए, ऐसा सुझाव दिया.
उन्होंने अपना सुझाव देते हुए कहा कि, शिवाजी हाईस्कूल के बीच चौराहे पर बाबा टी स्टॉल पॉइंट के पास यातायात कर्मचारियों की तैनाती जरुरी है. वहीं उस जगह पर पुलिस बैरिकेट्स होना आवश्यक है. यशोदा नगर से दस्तूर नगर चौक इस टी पॉइंट पर भी यातायात कर्मचारी एवं पुलिस बैरिकेट्स की आवश्यकता है. जिलाधिकारी कार्यालय से होते हुए बियाणी चौक तक जानेवाले मार्ग पर भी यातायात कर्मचारी एवं पुलिस बैरिकेट्स लगाने चाहिए. बियाणी चौक पर दोनों ही दिशा में डी-मार्ट की बडी-बडी बिल्डींग निर्माण की गई है. इन बिल्डीगों की पार्किंग व्यवस्था तो रखी गई है, लेकिन डी-मार्ट में आने-जानेवाले ग्राहक रास्तों के बीच में वाहनों को खडा कर देते है. उपर से ऑटो वालों की भी तकलीफ, जिसके कारण यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाग्रस्त रहता है.
उन्होंने बताया कि, इससे भी पूर्व इसी के कारण बियाणी चौक पर एक महिला पुलिस अधिकारी को अपने पैर गंवाना पडे. दुर्घटना के कारण डी-मार्ट के दोनों साइड में यातायात में बाधा पहुंचाने वाले एवं खडे रहनेवाले वाहनों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए तथा चपरासीपुरा टी पॉइंट पर भी यातायात कर्मियों की तैनाती और बैरिकेट्स होना चाहिए. उसी प्रकार चित्रा चौक से होते हुए इतवारा व नागपुरी गेट परिसर के अलावा जमील कॉलोनी चौक पर भी यातायात कर्मचारियों की नियुक्ति एवं पुलिस बैरिकेट्स लगाने की आवश्यकता है.
इन परिसरों में 24 घंटे यातायात बाधित रहता है. इसमें नागरिकों एवं स्कूली विद्यार्थियों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पडता है. जिसके कारण दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है. इतवारा उडानपुल के नीचे अपनी मनमर्जी से वाहन चालक तथा हातगाडी वाले रास्ते के बीचोबीच अतिक्रमण कर रास्तों में बाधा निर्माण कर रहे है. इसके अलावा अनलोडिंग, लोडिंग करनेवाले ट्रक भी 24 घंटे उडानपुल के नीचे खडे रहकर यातायात बाधित कर रहे है. इस पर भी प्रतिबंध होना चाहिए. वहीं शहर के विविध स्थान ऐसे है, जहां पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए यातायात पुलिस कर्मचारियों की नियुक्ति के साथ बैरिकेट्स लगाने चाहिए. जिससे आम जनता पर राहत मिलेगी. जरुरी नहीं है कि, शहर के एक परिसर में जरुरत से ज्यादा बैरिकेट्स लगाए जाए. यातायात पुलिस कर्मचारियों की फौज तैनात कर दी जाए. विचार करना है, तो संपूर्ण शहर का किजिए, ऐसे सुझाव राजवीर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष रहमत खान उर्फ रम्मू पत्रकार ने जनहित में दिए है और यह भी मांग की है कि, पुलिस प्रशासन तुरंत जनहित के कार्यो को लेकर ठोस निर्णय लें.

Back to top button