अनिल मानकर आरटीओ संगठना के दोबारा बने विभागीय अध्यक्ष
अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच समन्वय और कार्यों को देखकर हुई पुनर्नियुक्ति

अमरावती/दि.17 – मोटर वाहन विभाग कर्मचारी संगठना (आरटीओ) के अमरावती संभागीय अध्यक्ष पद पर अनिल मानकर की सर्वसम्मति से पुनर्नियुक्ति की गई है. अमरावती संभाग के अमरावती, अकोला, वाशिम, खामगांव, बुलढाणा और यवतमाल सहित छह जिलों के कर्मचारी प्रतिनिधियों ने एकमत से विश्वास जताते हुए मानकर को दोबारा संभागीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी.
कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी मुद्दों को लगातार उठाने, संगठन के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा कर्मचारियों की जायज मांगों के लिए लगातार प्रयास करने वाले नेतृत्व के रूप में अनिल मानकर की पहचान है. संगठन के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं को शासन एवं प्रशासन के स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने में उन्होंने पूर्व में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. कर्मचारियों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना, संगठन की भूमिका स्पष्ट रूप से रखना तथा किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय न हो, इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर मजबूती से आवाज उठाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषताएं मानी जाती हैं. इसी कार्यशैली पर विश्वास जताते हुए छह जिलों के कर्मचारियों ने उन्हें दोबारा संभागीय अध्यक्ष चुना.
पुनर्नियुक्ति के बाद अनिल मानकर ने संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए सभी पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, यह पद मेरे लिए केवल सम्मान का नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी का है. संभाग के प्रत्येक कर्मचारी के जायज मुद्दे के लिए संगठित एवं सकारात्मक तरीके से प्रयास करना मेरी प्राथमिकता रहेगी. कर्मचारियों के हित में सभी को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करूंगा. अनिल मानकर की पुनर्नियुक्ति पर अमरावती संभाग के सभी जिलों के अधिकारी-कर्मचारियों, संगठन पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और सहयोगियों ने उनका अभिनंदन करते हुए आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं. उनकी पुनर्नियुक्ति से संभागीय संगठन को और मजबूती मिलने तथा कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी मंच मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई.





