सेंधमार से 72.27 लाख रुपए के सोने के आभूषण और नकद राशि बरामद
हैदराबाद से इस कुख्यात को दबोचा गया

* अमरावती क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
अमरावती/दि.18 – नागपुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र की आजाद कॉलोनी में बंद मकान से करीब 72 लाख 27 हजार 800 रुपये के सोने के आभूषण और नकदी चोरी के मामले में क्राइम ब्रांच ने हैदराबाद से एक नाबालिग को हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक उसके पास से चोरी की पूरी रकम और आभूषण बरामद किए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक मोहम्मद मुज्तबा अली सैयद मुर्तजा 9 अगस्त को अपने परिवार के साथ अचलपुर शहर में रिश्तेदारों के यहां गए थे. अगले दिन घर लौटने पर उन्हें बेडरूम की अलमारी से सोने के हार, झुमके, चूड़ियां, ब्रेसलेट, टॉप्स, गोफ, बर्तन और मोती के पेंडेंट सहित करीब 470 ग्राम सोने के आभूषण तथा 1 लाख 70 हजार रुपये नकद गायब मिले. इसके बाद उन्होंने नागपुरी गेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले की जांच क्राइम ब्रांच को भी सौंपी गई. घटनास्थल के बारीकी से निरीक्षण में पुलिस को पता चला कि चोर दीवार फांदकर मकान में दाखिल हुआ था.
* दो महीने से इलाके पर रख रहा था नजर
जांच के दौरान पुलिस को अकोला की एक नाबालिग के बारे में जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक वह पिछले करीब दो महीने से अपने चाचा-चाची के घर रह रहा था. उसका ठिकाना पीड़ित के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर था. इस दौरान उसने इलाके और मकान की गतिविधियों पर नजर रखी. 9 अगस्त को परिवार के बाहर जाने की जानकारी मिलने के बाद नाबालिग दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और सोने के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली.
* चोरी के बाद सीधे हैदराबाद पहुंचा
पुलिस को उसकी लोकेशन हैदराबाद में मिली. इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने वहां पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और अमरावती लाई. पूछताछ में चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद उसके पास से चोरी का माल बरामद किए जाने का दावा पुलिस ने किया है. जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद वह सीधे हैदराबाद चला गया था. उसने चोरी की रकम में से करीब 25 हजार रुपये खर्च किए थे.
* अकोला में सात चोरी के मामले
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए नाबालिग के खिलाफ अकोला में चोरी के सात मामले दर्ज हैं और वह पिछले कुछ महीनों से इन मामलों में फरार था. उसकी लोकेशन मिलने के बाद अमरावती क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे, प्रांजलि सोनवणे तथा क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अतुल वर और दिनेश दहातोंडे के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक महेश इंगोले, पीएसआई गजानन सोनुने, पुलिस एएसआई सुनील लासुरकर, गजानन ढेवले, आस्तिक देशमुख, दीपक सुंदरकर, मंगेश परिमल, मनोज ठोसर, सचिन बहाले, जहीर शेख, अतुल संभे, नईम बेग, विकास गुडधे, विशाल वाकपांजर, योगेश पवार, राजीक रायलीवाले, संदीप खंडारे, राहुल दुधे, साइबर के सहायक निरीक्षक अनिकेत कासार, एएसआई महेश वाघमारे और चेतन गुल्हाने के दल ने की.





