तीन किलो नकली सोने के सिक्के देकर 15 लाख की ठगी

पातुर /दि.18 – घर में सोने के सिक्कों का घडा मिलने का दिखावा कर 3 किलो 300 ग्राम नकली सोने के सिक्के देकर 15 लाख रुपए की ठगी किये जाने के प्रकरण में पातुर पुलिस ने एक आरोपी को वाशिम कारागृह से कब्जे में लिया है. उसके पास से 80 हजार रुपए जब्त किये गये है. इस प्रकरण का मुख्य आरोपी अभी फरार है.
कोल्हापुर के करवीर तहसील के वडगणे निवासी युवराज कांबले को आरोपियों ने विश्वास में लिया. पश्चात घर में सोने के सिक्के से भरा घडा मिलने की बात बताकर उसे बेचने की बात कही. आरोपियों ने युवराज को पहले एक असली सोने का सिक्का दिखाया. पश्चात कांबले को पातुर घाट परिसर के नांदखेड फाटा पर बुलाया गया. वहां नकली सोने के सिक्के देकर 15 लाख रुपए नकद लिये गये और आरोपी फरार हो गये. पश्चात अपने साथ जालसाजी होने का पता चलते ही युवराज कांबले ने पातुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज की. पुलिस ने एक आरोपी को वाशिम कारागृह से कब्जे में लिया है. मामले की जांच पातुर पुलिस आगे कर रही है.