सद्भावना दिवस पर आयुक्त कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली सद्भावना प्रतिज्ञा

अमरावती/दि.21– सद्भावना दिवस के अवसर पर अमरावती स्थित विभागीय आयुक्त कार्यालय में विभागीय आयुक्त नयना गुंडे की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सद्भावना प्रतिज्ञा ली.
इस अवसर पर विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सद्भावना दिवस की प्रतिज्ञा दिलाई. सभी ने जाति, वंश, धर्म, क्षेत्र अथवा भाषा के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव किए बिना देश के नागरिकों में भावनात्मक एकता और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करने के लिए कार्य करने का संकल्प लिया. साथ ही समाज में विभिन्न मतभेदों को हिंसा का सहारा लिए बिना विचार-विमर्श तथा संवैधानिक मार्ग से हल करने की प्रतिज्ञा भी ली गई. देश की एकता, अखंडता, बंधुभाव और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएगा, ऐसा संकल्प इस दौरान व्यक्त किया गया.
कार्यक्रम के माध्यम से सद्भावना, शांति, आपसी सम्मान और भाईचारे के जरिए समाज में एकता कायम रखने का संदेश दिया गया. राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द को और मजबूत करने के लिए सकारात्मक योगदान देने का आह्वान भी किया गया. इस अवसर पर अपर आयुक्त (विकास/आस्थापना) संतोष कवडे, उपायुक्त (आपूर्ति) नरेंद्र वंजारी, तहसीलदार अनिता झाडे, सागर ढोमसे, नायब तहसीलदार श्यामसुंदर देशमुख, संजय मुरतकर, मधुकर धुले, संदीप टांक सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.





