शहर में किसान समेत दो ने की आत्महत्या, तीन की आकस्मिक मौत
फ्रेजरपुरा, बडनेरा, नांदगांव पेठ और भातकुली थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती /दि.21- अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में 19 अगस्त को दो आत्महत्या और तीन आकस्मिक मौतों के मामले सामने आए. संबंधित पुलिस थानों में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
* महादेवखोरी जंगल में पेड़ से लटका मिला शव
फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के महादेवखोरी जंगल में एक पहाड़ी पर नीम के पेड़ से उत्तमनगर निवासी दिवाकर काशीराव सुखदेवे (54) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वे 18 अगस्त की सुबह घर से निकले थे. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनके बेटे ने उनकी तलाश की. 19 अगस्त को उनका शव जंगल में मिला. सूचना मिलने पर फ्रेजरपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया. मामले की जांच जारी है.
* इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत
बडनेरा थाना क्षेत्र के वडनेरकर वाडी निवासी नयना स्वप्निल घोटकर (32) की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. बताया गया कि पहले वर्धा में उनका उपचार चल रहा था. जांच में ब्रेन ट्यूमर का पता चलने के बाद उन्हें अमरावती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
* हादसे में घायल युवक ने दम तोड़ा
नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र में नागपुर रोड पर पिंपल विहिर के पास 10 जुलाई को हुए हादसे में राहुल बंसी जामुनकर (25) घायल हो गए थे. उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
* फसल खराब होने और कर्ज से परेशान किसान ने दी जान
भातकुली तहसील के आष्टी निवासी किसान दिनेश गजानन कोल्हे (36) ने लगातार फसल खराब होने और बढ़ते कृषि कर्ज से परेशान होकर 18 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. भातकुली पुलिस ने उनके पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया है.
* टंकी में डूबने से युवक की मौत
भातकुली शहर के खटीकपुरा क्षेत्र स्थित वाल्मीकि चौक में शौचालय की टंकी में डूबने से नीतेश मोतीराम ढोके (30) की 19 अगस्त को मौत हो गई. मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर भातकुली पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.





