शिवसेना विस्तार महोत्सव का उद्घाटन, वृक्षारोपण के साथ संगठन विस्तार

‘हर गांव में एक शाखा, हर घर में एक शिवसैनिक’ के संकल्प के साथ 30 अगस्त से अभियान

अमरावती /दि.26- जिले में शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से ‘शिवसेना विस्तार महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है. ‘हर गांव में एक शाखा, हर घर में एक शिवसैनिक’ की संकल्पना के साथ शुरू होने वाले इस अभियान का उद्देश्य संगठन को ग्रामीण स्तर तक मजबूत करना और अधिक से अधिक नागरिकों को पार्टी से जोड़ना है. अभियान के दौरान शाखाओं का उद्घाटन, कार्यकर्ताओं से संवाद और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में विधायक बच्चू कडू के सहभागी होने की जानकारी दी गई है. संगठन विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण भी किया जाएगा.
* अचलपुर से होगी शुरुआत
शिवसेना विस्तार महोत्सव की शुरुआत 30 अगस्त को सुबह 10 बजे अचलपुर से होगी. इसके बाद पथ्रोट, अंजनगांव सुर्जी, दर्यापुर, वलगांव, अमरावती सहित विभिन्न गांवों में अभियान पहुंचेगा. इस दौरान नई शाखाओं का उद्घाटन करने के साथ स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा तथा वृक्षारोपण किया जाएगा. अभियान का समापन अमरावती के राजकमल चौक में आयोजित कार्यक्रम के साथ होने की जानकारी आयोजकों की ओर से दी गई है.
* युवाओं और महिलाओं को जोड़ने पर जोर
शिवसेना की ओर से हर गांव में सक्रिय शाखा स्थापित करने और पार्टी के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. अभियान में युवाओं, महिलाओं, किसानों, पदाधिकारियों, शाखा प्रमुखों और आम नागरिकों को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से जमीनी स्तर पर मजबूत कार्यकर्ता तंत्र तैयार करने और संगठन को अधिक व्यापक बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
* बड़ी संख्या में शिवसैनिकों से शामिल होने की अपील
अभियान में शिवसैनिकों, पदाधिकारियों, युवाओं, महिलाओं और शिवसेना समर्थक नागरिकों के बड़ी संख्या में शामिल होने की अपेक्षा है. विधायक बच्चू कडू ने शिवसैनिकों और युवाओं से शिवसेना विस्तार महोत्सव में सक्रिय रूप से सहभागी होने की अपील की है.

Back to top button