बिजली के तार की चपेट में आने से युवक की मौत

वेल्डिंग के दौरान 20 फीट लंबा पाइप तार से टकराया

* दो लोगों के खिलाफ गैर सदोष मनुष्य वध का मामला
अमरावती/दि.27- दर्यापुर तहसील के आमला गांव में वेल्डिंग का काम करते समय बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. हादसे के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं होने का आरोप है. इस मामले में मंगलवार रात दर्यापुर पुलिस स्टेशन में सदोष मनुष्य वध का मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक भातकुली तहसील के वातोंडा ग्राम निवासी शिकायतकर्ता दिलीप चव्हाण (56) का बेटा राहुल 17 जून को सुबह करीब 9 बजे से शाम 4 बजे के दौरान आरोपी विकास मनोहर गवली के साथ वेल्डिंग के काम के लिए आमला में किरण विश्वनाथ वानखड़े के घर गया था. शाम करीब 4 बजे विकास गवली ने दिलीप चव्हाण को फोन कर राहुल को करंट लगने की जानकारी दी और बताया कि उसे दर्यापुर के उपजिला अस्पताल ले जाया गया है. परिजन अस्पताल पहुंचे तो राहुल की मौत हो चुकी थी. उस समय पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था. पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल करीब 20 फीट लंबा स्टील पाइप उठा रहा था. इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकरा गया और राहुल को जोरदार करंट लगा. करंट लगने से वह नीचे गिर गया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि काम के दौरान राहुल की सुरक्षा के लिए मौके पर किसी तरह के आवश्यक सेफ्टी उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे. बिजली का तार आरोपी किरण वानखड़े के घर की स्लैब से नीचे की ओर आया हुआ था. दिलीप चव्हाण ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा संबंधी लापरवाही और परिस्थितियों के कारण उनके बेटे की जान गई तथा इसके लिए विकास गवली और किरण वानखड़े जिम्मेदार हैं. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button