बैंक की भीड़ में महिला के गले से मंगलसूत्र उड़ाया
1.30 लाख रुपये के सोने के मंगलसूत्र की चोरी

* संदिग्ध महिला समेत दो नाबालिग हिरासत में
अमरावती/दि.27– भातकुली स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला के गले से करीब 1.30 लाख रुपये कीमत का 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया गया. घटना के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध महिला और कानून के साथ संघर्ष की स्थिति में आए उसके दो बच्चों को हिरासत में लिया है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना 25 अगस्त को हुई. भातकुली निवासी जनार्दन पवार (50) बैंक में पैसे निकालने के काम में व्यस्त थे. इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात लोगों ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके साथ आई महिला के गले से मंगलसूत्र निकाल लिया और मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस ने परिसर के करीबन 20 सीसीटीवी कैमरों की जांच कर घटना के तीन घंटे के भीतर संदिग्ध रुबिना नामक 41 वर्षीय महिला और दो नाबालिग बालिकों को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान महिला ने मंगलसूत्र चोरी करने की बात स्वीकार की. पुलिस ने महिला के पास से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है. मामले की आगे जांच की जा रही है.





