रिटायर्ड नायब तहसीलदार को ‘हनी ट्रैप’ में फंसाकर 6.53 लाख की ठगी

अमरावती/दि.27– साइबर ठगों ने 77 वर्षीय सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार को ‘हनी ट्रैप’ में फंसाकर 6 लाख 53 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली. इस मामले में साइबर पुलिस ने 24 अगस्त की रात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक पीड़ित मधुकर (77) को फेसबुक पर एक अनजान महिला की प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी. रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद वॉट्सएप के जरिए उनसे संपर्क किया गया. इसके बाद आवाज और वीडियो कॉल का सिलसिला शुरू हुआ. आरोपियों ने वीडियो कॉल के दौरान की तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल कर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया. ठगी का यह सिलसिला 27 जुलाई से 6 अगस्त के बीच चला. आरोपियों ने खुद को दिल्ली साइबर सेल से जुड़ा बताकर पीड़ित को गिरफ्तारी और बदनामी का डर दिखाया. साथ ही धमकी दी कि वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी. इससे बचने के लिए आरोपियों ने अलग-अलग खातों में पैसे जमा करने के लिए दबाव बनाया. शुरुआत में मांगी गई रकम कम थी, लेकिन बाद में आरोपियों की मांग लगातार बढ़ती गई. गिरफ्तारी और वीडियो वायरल होने के डर से पीड़ित ने आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में कुल 6 लाख 53 हजार 500 रुपये जमा कर दिए.

* लगातार मांगों से परेशान होकर साइबर थाने पहुंचे
आरोपियों की पैसों की मांग लगातार बढ़ती रही. परेशान होकर आखिरकार बुजुर्ग पीड़ित साइबर पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. सहायक पुलिस निरीक्षक अनिकेत कसार के मार्गदर्शन में साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Back to top button