अमरावती में अवैध फाइबर केबल्स पर मनपा का बड़ा एक्शन

उपमहापौर सचिन भेंडे की पहल पर शुरू हुई कार्रवाई

* राजकमल चौक से हटाई गईं लटकती और अनधिकृत केबलें
* शहरभर में चलेगा विशेष अभियान, केबल ऑपरेटरों को अल्टीमेटम
* नियमों का पालन नहीं करने पर होगी सख्त कार्रवाई
अमरावती/दि.28- शहर की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को प्रभावित कर रही अनधिकृत ऑप्टिकल फाइबर केबल्स के खिलाफ अमरावती महानगरपालिका ने अब निर्णायक कदम उठाते हुए व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है. उपमहापौर सचिन भेंडे द्वारा मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले को लिखित पत्र देकर इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किए जाने के बाद मनपा प्रशासन हरकत में आया और गुरुवार को शहर के सबसे व्यस्त राजकमल चौक से अभियान की शुरुआत करते हुए लटकती एवं अनधिकृत केबलों को हटाया गया. मनपा प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिना अनुमति बिछाई गई ऑप्टिकल फाइबर केबल्स, पथदिव्य (स्ट्रीट लाइट) के खंभों तथा सार्वजनिक संरचनाओं पर लटकाए गए तारों को संबंधित ऑपरेटर तत्काल स्वयं हटाएं, अन्यथा महानगरपालिका नियमानुसार कठोर कार्रवाई करेगी.
* खंभों पर फैले केबलों के मकड़जाल से बढ़ रहा था हादसों का खतरा
बता दे कि, अमरावती शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, फ्लाईओवरों तथा अमरावती-बडनेरा मुख्य मार्ग पर इंटरनेट और केबल सेवा प्रदाताओं द्वारा बड़ी संख्या में ऑप्टिकल फाइबर केबल्स बिछाई गई हैं. इनमें से अनेक केबल्स बिना अनुमति के पथदिव्य के खंभों, विद्युत पोलों और अन्य सार्वजनिक ढांचों पर बांधी गई हैं. कई स्थानों पर ये केबल्स नीचे तक लटक रही थीं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और भारी वाहनों के लिए दुर्घटना का गंभीर खतरा बना हुआ था. बरसात और तेज हवाओं के दौरान स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाती थी. नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें मिलने के बाद मनपा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया.
* राजकमल चौक में शुरू हुई कार्रवाई
गुरुवार को मनपा के विशेष दल ने शहर के प्रमुख राजकमल चौक में कार्रवाई करते हुए लटकती और अनधिकृत फाइबर केबल्स को हटाया. इस दौरान लंबे समय से उपयोग में नहीं आ रही डेड केबल्स को भी काटकर हटाया गया. प्रशासन का कहना है कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी. कार्रवाई के दौरान स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, गटनेता नाना आमले, सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर, उपअभियंता शरद तिनखेडे, अतिक्रमण पथक प्रमुख योगेश कोल्हे, स्वच्छता निरीक्षक प्रशांत गावनेर सहित मनपा के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.
* फ्लाईओवर और प्रमुख चौक प्रशासन की निगरानी में
मनपा प्रशासन के अनुसार शहर के कई फ्लाईओवर, प्रमुख चौक, रेलवे स्टेशन परिसर, मालटेकड़ी, इर्विन चौक तथा अन्य व्यस्त क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में फाइबर केबल्स का अनियंत्रित जाल फैला हुआ है. इन केबल्स के कारण न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि सड़क चौड़ीकरण, विद्युत मरम्मत, अग्निशमन कार्य और अन्य सार्वजनिक सेवाओं में भी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं. विशेष रूप से फ्लाईओवरों और व्यस्त मार्गों पर लटकती केबल्स कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं. कई बार भारी वाहनों की टक्कर से केबल टूटकर सड़क पर गिर जाती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है.
* केबल ऑपरेटरों को अंतिम चेतावनी
महानगरपालिका ने शहर में कार्यरत सभी इंटरनेट सेवा प्रदाताओं, ब्रॉडबैंड कंपनियों और केबल ऑपरेटरों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे अपनी अनधिकृत केबल्स तत्काल हटाएं अथवा उन्हें नियमानुसार व्यवस्थित करें. मनपा ने साफ किया है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर ऑपरेटर स्वयं कार्रवाई नहीं करते हैं तो महानगरपालिका विशेष अभियान चलाकर ऐसी केबल्स हटाएगी. इसके साथ ही कार्रवाई में होने वाला खर्च भी संबंधित कंपनियों और ऑपरेटरों से वसूला जा सकता है.

* उपमहापौर सचिन भेंडे ने उठाया था मुद्दा
उपमहापौर सचिन भेंडे ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि अनधिकृत रूप से लगाए गए फाइबर नेटवर्क के कारण सार्वजनिक संपत्ति का विद्रुपीकरण हो रहा है. साथ ही शहर की सूरत बिगड़ रही है और नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है. उन्होंने प्रशासन से मांग की थी कि पूरे शहर का सर्वेक्षण कर अवैध केबल्स की पहचान की जाए तथा जिम्मेदार ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. उनके पत्र के बाद मनपा आयुक्त ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए.

* जल्द होगा शहरव्यापी सर्वे, ‘सुरक्षित और सुंदर अमरावती’ अभियान को मिलेगा बल
सूत्रों के अनुसार महानगरपालिका जल्द ही विशेष सर्वेक्षण अभियान चलाकर शहरभर में बिछाई गई ऑप्टिकल फाइबर केबल्स की विस्तृत सूची तैयार करेगी. इसके बाद फ्लाईओवर, मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों, चौक-चौराहों और पथदिव्य के खंभों पर लगी अनधिकृत केबल्स को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा. मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने सभी ऑपरेटरों से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर के सौंदर्यीकरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है. मनपा प्रशासन का मानना है कि शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए अवैध केबल नेटवर्क को हटाना अत्यंत आवश्यक है. स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ रहे अमरावती में सार्वजनिक स्थानों पर फैला यह अनियंत्रित केबल जाल एक बड़ी चुनौती बन गया था. प्रशासन का कहना है कि इस अभियान से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी, यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी, सार्वजनिक सुविधाओं के रखरखाव में आसानी होगी और शहर का सौंदर्य भी बढ़ेगा.

Back to top button