नाबालिग छात्रा को परेशान करने वाला युवक गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर मैसेज, स्कूल के सामने इंतजार और रास्ता रोकना पडा महंगा

परतवाड़ा /दि.1– शहर में एक नाबालिग स्कूली छात्रा का लगातार पीछा कर उसे मानसिक रूप से परेशान करने का मामला सामने आया है. छात्रा के माता-पिता की शिकायत पर परतवाड़ा पुलिस ने शेखपुरा निवासी शेख अमीन शेख अकबर (22) के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. कार्रवाई 30 अगस्त को की गई.
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक आरोपी कथित तौर पर काफी समय से नाबालिग छात्रा का पीछा कर रहा था. वह छात्रा को परेशान करने के लिए एक नोट में ‘आई लव यू सो मच’ लिखकर देता था. आरोप है कि युवक हर दिन छात्रा के स्कूल के सामने खड़ा होकर उसका इंतजार करता था. स्कूल जाते समय वह उसका रास्ता रोकने की कोशिश करता था. स्कूल की छुट्टी के बाद भी वह गेट के पास खड़ा रहता और छात्रा को जबरन बातचीत करने के लिए बुलाने का प्रयास करता था. आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा की मां की सोशल मीडिया आईडी पर भी मैसेज भेजे. वह पीड़िता पर उससे बातचीत करने के लिए दबाव डाल रहा था.
* माता-पिता ने घर जाकर समझाया
आरोपी की लगातार हरकतों से परेशान होकर छात्रा के माता-पिता उसके घर पहुंचे और उसकी मां को पूरी जानकारी दी. उन्होंने आरोपी को समझाकर उसका व्यवहार सुधारने की कोशिश करने को कहा. बाद में जब शिकायतकर्ता ने आरोपी से उसका मोबाइल फोन मांगते हुए पूछा कि वह उसकी बेटी का पीछा क्यों करता है, तो आरोपी ने कथित तौर पर सोशल मीडिया के मैसेज डिलीट कर दिए और वहां से भाग गया. इसके बाद छात्रा के माता-पिता ने परतवाड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. मामले की आगे जांच जारी है.





